Uttarakhand Tourism: दून में 35 बीघा भूमि पर विकसित होगी विश्वस्तरीय मिनी झील, पर्यटन के लिहाज से होगी अहम

Uttarakhand Tourism दून में विश्वस्तरीय मिनी झील विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को 35 बीघा भूमि पर बनाई जाने वाली इस झील का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से यह झील मील का पत्थर साबित होगी।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Tue, 12 Oct 2021 06:31 PM (IST) Updated:Tue, 12 Oct 2021 09:42 PM (IST)
Uttarakhand Tourism: दून में 35 बीघा भूमि पर विकसित होगी विश्वस्तरीय मिनी झील, पर्यटन के लिहाज से होगी अहम
कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर सीएम धामी ने जताया खेद, मिली तालाब का किया शिलान्यास।

जागरण संवाददाता, देहरादून। दून में आइटीबीपी मार्ग के पास विश्वस्तरीय मिनी झील विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को 35 बीघा भूमि पर बनाई जाने वाली इस झील का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से यह झील मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि सरकार अभी चुनाव पर फोकस नहीं कर रही है, बल्कि प्रदेश के विकास और हर वर्ग की समस्याओं को दूर करने पर ध्यान दे रही है। 

शहर के पाश इलाके आइटीबीपी रोड पर दलदल में तब्दील मछली तालाब को अब नगर निगम मिनी झील में परिवर्तित करने जा रहा है। तालाब का कायाकल्प कर यहां ऐसी झील बनाई जाएगी, जहां पर्यटक सिर्फ सैर-सपाटे का नहीं, बल्कि बोटिंग का लुत्फ भी ले सकेंगे। मंगलवार को झील की अवस्थापना और सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमरूद का पौधा रोपा। क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिलान्यास से लेकर लोकार्पण तक गंभीरता से कार्य करना और घोषणाओं को धरातल पर उतारना है। महापौर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि यह परियोजना नगर निगम के बजट से बनाई जाएगी और इसकी डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बन रही है।

उन्होंने कहा कि सीमाद्वार आइटीबीपी मुख्यालय के समीप नगर निगम की 35 बीघा जमीन पर मछली तालाब हुआ करता था। वर्तमान में यह दलदल बन गया है। नगर निगम ने यहां पीपीपी मोड में झील निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार किया था, लेकिन किसी ने रुचि नहीं दिखाई। अब नगर निगम ने खुद अपने खर्च पर यहां का कायाकल्प का कार्य शुरू कर दिया है।

शिलान्यास समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन, प्रवक्ता विनय गोयल, महानगर अध्यक्ष सीताराम भट, चौधरी अजीत सिंह, पार्षद आशा भाटी और मीरा कठैत, कांग्रेस पार्षद दल के नेता डा. विजेंद्र पाल, नगर आयुक्त अभिषेक रूहेला, विजेंद्र थपलियाल, बबलू बंसल, दिनेश रावत आदि उपस्थित रहे।

नजूल भूमि वालों को राहत देने की तैयारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नजूल भूमि पर जो भी लोग बैठे हैं, उन सभी को राहत देने के लिए कानून बनाया जाएगा। इस दिशा में तैयारी शुरू कर दी गई है। साथ ही मलिन बस्ती के बाशिंदों को मालिकाना हक दिलाने के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।

शिलान्यास के जरिये कैंट से गामा ने ठोकी ताल

झील के शिलान्यास कार्यक्रम के जरिये महापौर सुनील उनियाल गामा ने कैंट विधानसभा से दावेदारी को ताल ठोक दी है। आगामी विधानसभा चुनाव में कैंट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में गामा का नाम भी चर्चा में है। इस कार्यक्रम में समर्थकों की भीड़ जुटा कर उन्होंने इसकी पुष्टि भी कर दी।

भाजपा के युवा नेताओं और कार्यकर्त्ताओं की ओर से बाइक रैली निकालकर महापौर के समर्थन में खूब नारेबाजी की गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वैभव चौक पर एकत्रित हुए। जहां से ढोल की थाप के साथ कार्यकर्त्ताओं ने रैली निकाल महापौर के समर्थन में ताकत दिखाई। जीप और बाइक में सवार कार्यकर्त्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हालांकि, इस दौरान वर्तमान विधायक हरबंस कपूर कुछ असहज जरूर नजर आए, लेकिन महापौर ने चुनाव से पहले अपना दमखम दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। रैली में मुख्य रूप से रंजीत भंडारी, राजेश रावत, आशीष गुसाईं, जयपाल वाल्मीकि, गौरव सहगल, सतीश कश्यप, शुभम नेगी, संजीव मल्होत्रा, समिधा गुरुंग, नंदिनी शर्मा, राकेश मझखोला, जय थपलियाल आदि शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- आइटीबीपी रोड पर मिनी झील में बदलेगा तालाब, सैर-सपाटे ही नहीं बोटिंग का भी लुफ्त उठा सकेंगे पर्यटक

chat bot
आपका साथी