सीएम से वार्ता के बाद सफाई कर्मियों की हड़ताल स्थगित

बीते मंगलवार से चल रही संविदा व दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई वार्ता के बाद स्थगित हो गई। वहीं सफाई कर्मचारियों के दो गुटों की मुख्यमंत्री से वार्ता हुई।

By Sumit KumarEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 11:00 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 11:03 PM (IST)
सीएम से वार्ता के बाद सफाई कर्मियों की हड़ताल स्थगित
सफाई कर्मचारियों के दो गुटों की मुख्यमंत्री से वार्ता हुई।

जागरण संवाददाता, देहरादून: बीते मंगलवार से चल रही संविदा व दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई वार्ता के बाद स्थगित हो गई। सफाई कर्मचारियों के दो गुटों की मुख्यमंत्री से वार्ता हुई। जिसमें मुख्यमंत्री ने रिक्त चल रहे पदों पर भर्ती, प्रतिमाह मानदेय बढ़ाकर दस हजार रुपये करने और अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया। वहीं, हड़ताल खत्म होने से शहरों में फैली गंदगी से राहत मिलने की उम्मीद है।

संविदा समेत दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग के साथ ही अन्य मांगों पर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। समस्त नगर निकायों में कूड़ा उठान व सफाई का कार्य ठप कर दिया गया, इस कारण ज्यादातर शहरों में गंदगी के ढेर लग गए। हालांकि, नियमित सफाई कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल न होने से उन शहरों में राहत रही, जहां नियमित कर्मी ज्यादा हैं। देहरादून शहर में हड़ताल का कोई खास असर नहीं था।

सरकार हड़ताल खत्म कराने के प्रयास में जुटी रही। इसी क्रम में मंगलवार सुबह सफाई कर्मचारी संगठन मोर्चा के बैनर तले सफाई कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। दूसरी ओर, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शाम को शहरी विकास निदेशक विनोद कुमार सुमन से मुलाकात की और उसके बाद मुख्यमंत्री धामी से।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में 3500 से ज्यादा बिजली कर्मी हड़ताल पर, बढ़ीं मुश्किलें; बंद कमरे में ऊर्जा मंत्री से हो रही वार्ता

सफाई कर्मचारी मानदेय को आठ हजार से बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने की मांग कर रहे थे। हालांकि, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मानदेय दस हजार करने पर विचार कर रही है। जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया। इस दौरान शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत, सचिव शैलेश बगोली, सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष अमीलाल, उपाध्यक्ष अजय राजौर, देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राहत मसीह, नगर निगम दून शाखा के अध्यक्ष राकेश कुमार मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- सरकारी नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर, विभिन्न विभागों में कई पदों पर नौकरी का अवसर

chat bot
आपका साथी