98 वाहन में 1978 यात्री धामों को रवाना

जागरण संवाददाता ऋषिकेश मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए राज्य सरकार ने चार धाम यात्रा

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 04:16 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 04:16 AM (IST)
98 वाहन में 1978 यात्री धामों को रवाना
98 वाहन में 1978 यात्री धामों को रवाना

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश:

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए राज्य सरकार ने चार धाम यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी थी। बीते मंगलवार को यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने की अनुमति दे दी गई थी। बुधवार को बदरीनाथ को छोड़कर सभी धाम की यात्रा अनुमति जारी कर दी गई। ऋषिकेश से 98 वाहन में 1978 यात्री विभिन्न धाम के लिए रवाना हुए।

चार धाम सहित पर्वतीय मार्ग में मौसम अनुकूल होने के बाद व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी हैं। हालांकि बदरीनाथ धाम जाने का रास्ता अभी कई जगह क्षतिग्रस्त है। यही कारण है कि शासन की ओर से यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को अनुमति जारी कर दी गई है। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के प्रभारी मदन कोठारी ने बताया कि बुधवार की सुबह बस टर्मिनल कंपाउंड ऋषिकेश से पुणे महाराष्ट्र,उदयपुर राजस्थान, खरगोन मध्य प्रदेश के यात्री यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुए। इन यात्रियों को लेकर संयुक्त रोटेशन की 11 बस यहां से रवाना हुई।

गंगोत्री मार्ग पर भद्रकाली और बदरीनाथ मार्ग पर ब्रह्मपुरी में परिवहन विभाग की चेक पोस्ट में तैनात कर्मचारी और अधिकारी यात्रा पर जाने वाले सभी व्यावसायिक वाहनों की जांच कर रहे हैं। एआरटीओ प्रवर्तन पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि चेक पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को ऋषिकेश से 66 वाहन दो धाम और 32 वाहन यमुनोत्री के लिए रवाना हुए। परिवहन कार्यालय की ओर से बुधवार को 55 ग्रीन कार्ड जारी किए गए हैं।

देवस्थानम बोर्ड की ओर से यात्रियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। पिछले दो दिन में कई यात्री अलग-अलग क्षेत्र में रुक गए थे। इनमें से जो यात्री आर्थिक तंगी की स्थिति में आ गए हैं, उनके लिए देवस्थानम बोर्ड के आवास गृह में उचित रियायती दर पर ठहरने की व्यवस्था की गई है। जरूरतमंद को मुफ्त सुविधा भी दी जा रही है। अभी सिर्फ यमुनोत्री, गंगोत्री और केदारनाथ यात्रा पर जाने की अनुमति दी गई है।

- डा. हरीश गौड़, मीडिया प्रभारी, देवस्थानम बोर्ड

-------------

यात्रियों को ऋषिकेश में मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

ऋषिकेश की महापौर अनीता ममगाईं ने देवस्थानम उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष मनोहरकांत ध्यानी से चंद्रभागा स्थित कार्यालय में भेंट की। उन्होंने चार धाम यात्रा के विषय में विचार विमर्श किया। महापौर ने कहा कि बस टर्मिनल पर नगर निगम ने भी पुलिस, पर्यटन, देवस्थानम, परिवहन संयुक्त रोटेशन के साथ अपना सहायता काउंटर स्थापित किया है। शहर स्वच्छ एवं सुंदर रहे इसके लिए वह प्रयासरत है। मौके पर देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़, निजी सचिव वीरेन्द्र उनियाल, पीआरओ नरेन्द्र शर्मा प्रबंधक अमित राणा, रामचंद्र बिष्ट मनोज रावत, पार्वती देवी, मुन्नी देवी, मनीष पालीवाल, शोभा ममगाईं, राजू आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी