मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा- आधा दर्जन विभाग देंगे 46500 स्वरोजगार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वरोजगार से ही आत्मनिर्भर भारत का उद्देश्य पूरा हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने सचिवालय में प्रदेश के विभिन्न विभागों में संचालित स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए तय लक्ष्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 05:09 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 05:09 PM (IST)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा- आधा दर्जन विभाग देंगे 46500 स्वरोजगार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वरोजगार से ही आत्मनिर्भर भारत का उद्देश्य पूरा हो सकेगा।

राज्‍य ब्‍यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्तियों की कवायद तेज करने के बाद अब स्वरोजगार को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। ग्राम्य विकास, शहरी विकास, पर्यटन समेत आधा दर्जन विभागों में 46,500 व्यक्तियों को स्वरोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इस कड़ी में प्रत्येक जिले में एक से 15 सितंबर तक स्वरोजगार के लिए कैंप लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वरोजगार से आत्मनिर्भर भारत का मार्ग प्रशस्त होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में राज्य के विभिन्न विभागों में संचालित स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए और इस संबंध में उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिलों में स्वरोजगार के कैंप गंभीरता से लगाए जाएं। इसके लिए प्रत्येक जिले में मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया जाए। स्वरोजगार कैंप में जिला स्तरीय अधिकारी एवं बैंक अधिकारी केंद्र व राज्य की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे। मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

कैंप में दी जाए ऋण मंजूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सितंबर के पहले पखवाड़े में जिलों में लगने जा रहे कैंप में व्यक्तियों को ऋण की मंजूरी सुनिश्चित की जानी चाहिए। 30 सितंबर तक सभी सही पाए जाने वाले आवेदकों को ऋण दिए जाएं। बैंकों में प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निपटारे के लिए बैंक के वरिष्ठ अधिकारी शाखा स्तर तक लगातार मानीटरिंग करें। समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक केंद्र व राज्य की जन कल्याणकारी योजनाएं पहुंचनी चाहिए। सरकार जनता के द्वार पहुंचकर समस्याओं का समाधान करेगी।

शहरी विकास को 26 हजार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने स्वरोजगार से संबंधित मुख्य विभागों के लिए चालू वर्ष में लक्ष्य निर्धारित किए। ग्राम्य विकास को 10 हजार, समाज कल्याण को 1500, शहरी विकास को 26 हजार, पशुपालन विभाग को चार हजार व्यक्तियों को स्वरोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। पशुपालन विभाग को 4000, उद्योग विभाग को 4500 और पर्यटन विभाग को 500 का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के लिए आम जन को प्रेरित करने को विभागों को सक्सेस स्टोरी बनाने को निर्देशित किया गया है।

पीएम मोदी के मंत्र में छिपी प्रगति

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और वोकल फार लोकल के मंत्र को अपना कर राज्य की प्रगति में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है। युवाओं में कौशल और प्रतिभा की कमी नहीं है। स्टार्ट अप उद्योग की कामयाबी युवाओं के उत्साह को दिखाती है। स्वरोजगार से जुडऩे वालों के लिए बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश उन्होंने दिए। साथ ही उत्पादों की उच्च गुणवत्ता पर ध्यान देने पर जोर दिया।

पोर्टल बेस्ड एप्रोच अपनाएं विभाग

मुख्य सचिव डा एसएस संधू ने कहा कि केंद्र व राज्य की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाएगी। योजनाओं का जन-जन तक लाभ पहुंचाना अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वरोजगार योजनाओं में तेजी लाने के लिए सभी विभागों को पोर्टल बेस्ट एप्रोच पर काम करने के निर्देश उन्होंने दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव आनंद बद्र्धन, प्रमुख सचिव एल फैनई, सचिव अमित नेगी, आर मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, राधिका झा व रंजीत सिन्हा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-छात्रों को गढ़वाल विश्‍वविद्यालय ने ऐसे दिया आगे बढ़ने का मौका, पढ़िए पूरी खबर

chat bot
आपका साथी