उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं पर फैसला जल्द

उत्तराखंड बोर्ड की शेष परीक्षाओं के कार्यक्रम पर जल्द मुख्यमंत्री की मुहर लग सकती है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 May 2020 09:49 PM (IST) Updated:Wed, 27 May 2020 09:49 PM (IST)
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं पर फैसला जल्द
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं पर फैसला जल्द

राज्य ब्यूरो, देहरादून

उत्तराखंड बोर्ड की शेष परीक्षाओं के कार्यक्रम पर जल्द मुख्यमंत्री की मुहर लग सकती है। वहीं सरकारी माध्यमिक विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने के लिए उन्हें जल्द क्वारंटाइन केंद्र की जिम्मेदारी से मुक्त किया जाएगा। मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि उत्तराखंड बोर्ड के मामले में फैसला जल्द लिया जा रहा है।

शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने बीते रोज उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं और मूल्यांकन की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारियों से वार्ता की थी। वार्ता में करीब 350 सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में क्वारंटाइन केंद्र बनाने की जानकारी मिली थी। सचिव ने इस संबंध में जिलाधिकारियों और शिक्षा महकमे से क्वारंटाइन केंद्र बने विद्यालयों के संबंध में अपडेट जानकारी तलब की है। साथ ही परीक्षा केंद्र बनाए जाने के मद्देनजर उक्त विद्यालयों से क्वारंटाइन केंद्र हटाने को कहा गया था। जिलाधिकारियों ने भी क्वारंटाइन केंद्र हटाने के संबंध में 15 दिन की मोहलत मांगी है।

सरकार के सामने उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की शेष परीक्षाएं कराने की चुनौती है। बोर्ड ने 20 से 23 जून तक परीक्षा कार्यक्रम प्रस्तावित किया है। इस कार्यक्रम पर विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मंथन किया जा रहा है। इस संबंध में सरकार की ओर जल्द स्थिति साफ की जाएगी। बुधवार को शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह के साथ उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं के मुद्दे को रखा। मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं के संबंध में जल्द फैसला होगा। मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद एक-दो दिन के भीतर इस संबंध में स्थिति साफ कर दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी