उत्तराखंड की स्थिति पर नजर रखे हुए भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व, जेपी नड्डा ने ली राहत-बचाव कार्यों की जानकारी

भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इस कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को फोन कर बचाव एवं राहत कार्यों के बारे में जानकारी ली। साथ ही पार्टीजनों से आपदा प्रभावितों की मदद के लिए जुटने को कहा।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 09:36 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 09:36 PM (IST)
उत्तराखंड की स्थिति पर नजर रखे हुए भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व, जेपी नड्डा ने ली राहत-बचाव कार्यों की जानकारी
उत्तराखंड की स्थिति पर नजर रखे हुए भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में आई आपदा के बाद भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इस कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को फोन कर बचाव एवं राहत कार्यों के बारे में जानकारी ली। साथ ही पार्टीजनों से आपदा प्रभावितों की मदद के लिए जुटने को कहा। उधर, आपदा को देखते हुए प्रदेश भाजपा ने राज्य में 24 अक्टूबर तक के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। साथ ही पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकत्र्ताओं को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राहत कार्यों में जुटने को कहा गया है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष कौशिक से आपदा में जिलेवार हुई क्षति का ब्योरा लिया। साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कुमाऊं मंडल में पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों से फोन पर बातचीत कर राहत कार्यों में हाथ बंटाने को कहा। कौशिक ने जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे तत्काल पार्टीजनों की टीमों का गठन कर उन्हें आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भेजें।

साथ ही प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राशन किट, कपड़े और जरूरी सामग्री जरूरतमंदों तक पहुंचाने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में भाजपा प्रभावितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और प्रत्येक जरूरतमंद तक मदद के हाथ पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में राहत कार्यों के लिए पार्टी ने काल सेंटर स्थापित किए थे, जो आज भी कार्यरत हैं और बूथ स्तर तक जुड़े हैं। इनका उपयोग भी आपदा प्रभावितों की मदद के लिए किया जाना चाहिए।

प्रदेश कार्यालय में खुलेगा सहायता केंद्र

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कौशिक एवं प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आपदा राहत सहायता केंद्र खोलने के निर्देश दिए हैं। सहायता केंद्र के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष खिलेंद्र चौधरी, प्रदेश मंत्री राजेंद्र भंडारी, पार्टी के आपदा प्रबंधन विभाग के सह संयोजक कुंवर जपेंद्र सिंह व धन सिंह धामी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आपदा राहत कोष में एक माह का वेतन देंगे त्रिवेंद्र

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आपदा प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों से फोन पर बात कर आपदा से हुई क्षति की जानकारी ली। उन्होंने पार्टीजनों से अपेक्षा की कि वे आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने में जुट जाएं। त्रिवेंद्र ने कहा कि आपदा प्रभावितों की मदद के लिए वह एक माह का वेतन मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में देंगे। उन्होंने बचाव एवं राहत कार्यों के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की।

chat bot
आपका साथी