भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कौशिक बोले, कोरोना के खिलाफ लड़ाई को कमजोर कर रहा विपक्ष

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि एक तरफ केंद्र व राज्य सरकार कोरोना को हराने के लिए मुस्तैदी से जुटी हैं वहीं कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। यह कोरोना के खिलाफ चल रही लड़ाई को कमजोर करने की कोशिश है।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 07:20 AM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 07:20 AM (IST)
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कौशिक बोले, कोरोना के खिलाफ लड़ाई को कमजोर कर रहा विपक्ष
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कौशिक बोले, कोरोना के खिलाफ लड़ाई को कमजोर कर रहा विपक्ष।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि एक तरफ केंद्र व राज्य सरकार कोरोना को हराने के लिए मुस्तैदी से जुटी हैं, वहीं कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। यह कोरोना के खिलाफ चल रही लड़ाई को कमजोर करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों की सरकारों ने अपने यहां पूरी तरह से टीकाकरण का संकल्प लिया है। साथ ही सवाल उठाया कि कांग्रेस शासित राज्यों की सरकारें ऐसा संकल्प क्यों नहीं ले रही हैं।

कौशिक ने बुधवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कांग्रेस नेता जिस गैर जिम्मेदाराना ढंग से झूठ व दुष्प्रचार को हवा दे रहे हैं, उससे साफ है कि कोरोना के खिलाफ चल रही जंग को कांग्रेस पटरी से उतारना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता इस कोरोनाकाल में अच्छा कार्य कर रहे हैं। इनसे सीख लेने के बजाय अन्य कांग्रेस नेता अनर्गल बयानबाजी कर उनके कार्यों को डुबोने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जब कांग्रेस नेताओं की आलोचना हुई तो अब जाकर वे सेवा कार्य कर रहे हैं।

कौशिक ने कहा कि यह वक्त आरोप-प्रत्यारोप का नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि सभी लोग मिलकर कोरोना को हराने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्त्ता कोरोना के खिलाफ लड़ाई लडऩे के लिए जनता के साथ खड़ा है। उन्होंने पार्टी की ओर से 'सेवा ही संगठन' के तहत चल रहे कार्यों का ब्योरा भी रखा। बताया कि पार्टी राज्य में 15 कंट्रोल रूम के जरिये जनसेवा में जुटी है। अब तक एक लाख मास्क, 25000 व्यक्तियों को भोजन, 10 हजार व्यक्तियों को राशन किट का वितरण किया गया। टीकाकरण में 20 हजार कार्यकर्त्ता सहयोग दे रहे हैं। 

'मेरा बूथ कोरोना मुक्त' अभियान के तहत 22343 बूथों तक कार्यकर्त्ताओं ने पहुंच बनाई है। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्त्ता अब तक 678 यूनिट रक्त दे चुके हैं, जबकि 278 प्लाज्मा भी दान किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक कोरोना को परास्त नहीं कर लिया जाता, तब तक भाजपा अपना अभियान जारी रखेगी।

एक सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने में जुटी है। आज हर जिले में स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध है। प्रदेश में आक्सीजन की कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि दवाओं व उपकरणों की कालाबाजारी की शिकायतें आने पर सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर जान गंवाने वाले व्यक्तियों को श्रद्धांजलि भी दी।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किया आपदा प्रभावित देवप्रयाग का दौरा, प्रभावितों को हर संभव मदद का भरोसा

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी