उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम बोले, हमेशा चुनावी मोड में रहती है भाजपा

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उनके आगमन पर डोईवाला और माजरी ग्रांट मंडल के कार्यकर्ताओं ने भानियावाला तिराहे पर फूल माला और नारेबाजी के बीच उनका जोरदार स्वागत किया।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Sat, 28 Nov 2020 10:38 AM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2020 11:32 PM (IST)
उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम बोले, हमेशा चुनावी मोड में रहती है भाजपा
भाजपा के प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर।

देहरादून, राज्य ब्यूरो। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि भाजपा के सामने कोई चुनौती नहीं है। वह चुनौती को अवसर में बदलने की ताकत रखती है। पार्टी हमेशा चुनावी मोड में रहती है और चुनाव इसलिए नहीं लड़ती कि समय आएगा तो कार्य करेंगे। उन्होंने राज्य में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के संदर्भ में यह बात कही। उन्होंने कहा कि हम पूरे पांच साल जनता की सेवा करते हैं। जनता के लिए जीते और मरते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा 60 सीटें जीतकर पुन: सरकार बनाकर इतिहास रचेगी।

उत्तराखंड प्रभारी बनने के बाद पहली बार राज्य के दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे राज्यसभा सदस्य गौतम ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों व दायित्वधारियों के साथ परिचयात्मक बैठक में भाग लिया। बैठक में गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं। इसकी वजह उनके द्वारा राष्ट्रीय,अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे कार्य हैं। भाजपा एक मजबूत भारत चाहती है और इसके लिए हर व्यक्ति का सशक्त होना आवश्यक है। प्रधानमंत्री मोदी इसमें जुटे हुए हैं।

गौतम ने कहा कि भाजपा का निर्माण सत्ता हासिल करने के लिए नहीं हुआ है। पार्टी का विचार देश को सर्वोपरि मानते हुए देश व समाज सेवा है। कोरोनाकाल में यह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। उन्होंने प्रदेश सरकार की पीठ भी थपथपाई और कहा कि त्रिवेंद्र सरकार बेहतर कार्य कर रही है। साथ ही कार्यकत्र्ताओं से कहा कि वे केंद्र व राज्य सरकारों की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाएं।

सांसद एवं प्रदेश भाजपा की सह प्रभारी रेखा वर्मा ने पार्टीजनों से कहा कि वे वर्ष 2022 के विस चुनाव के लिए जी-जान से जुट जाएं। उन्होंने बिहार समेत अन्य राज्यों में हुए चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि हमें मिलकर उत्तराखंड में फिर से जीत हासिल करनी है।

प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि उत्तराखंड में वर्ष 2022 में भाजपा पुन: प्रचंड बहुमत से सत्ता में आएगी। साथ ही उस भ्रांति को तोड़ेगी कि प्रदेश में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस की सरकार बनती है। संचालन प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने किया। इस मौके पर राज्यसभा के लिए निर्वाचित नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी आदि मौजूद थे। प्रदेश प्रभारी व सह प्रभारी ने देहरादून महानगर व जिला इकाई के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों की बैठक भी ली।

विरोध की मानसिकता कांग्रेस को और डुबोएगी

पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में भाजपा के प्रदेश प्रभारी गौतम ने कहा कि किसान बिल पूरे देश के लिए हैं। किसानों की हर बात सुनी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में भी ये बिल लाने की बात थी। अब भाजपा इन्हें लेकर आई है तो कांग्रेस विरोध कर रही है। विरोध की मानसिकता ने ही कांग्रेस को डुबाया है और अब और डुबोएगी। पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि रविवार को वह प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ पांच दिसंबर से होने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। साथ ही आगामी कार्यक्रम भी तय किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Politics: कांग्रेस नेता महेश जोशी ने त्रिवेंद्र सरकार पर लगाया आरोप, कहा हर मोर्चे पर विफल है सरकार

chat bot
आपका साथी