BJP National President JP Nadda: जेपी नड्डा बोले, देश के लिए भाजपा और मोदी का सशक्त होना जरूरी

BJP National President JP Nadda in Dehradun भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के खिलाफ सारे दल एकजुट हो रहे हैं। सांसदों विधायकों पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि बहुत सी शक्तियां मोदी और देश के खिलाफ काम कर रही हैं।

By Raksha PanthariEdited By: Publish:Sat, 05 Dec 2020 08:18 AM (IST) Updated:Sat, 05 Dec 2020 10:51 PM (IST)
BJP National President JP Nadda: जेपी नड्डा बोले, देश के लिए भाजपा और मोदी का सशक्त होना जरूरी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का दून दौरा। जागरण

राज्य ब्यूरो, देहरादून। BJP National President JP Nadda in Dehradun भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि देश में आने वाले दिनों में भी सभी दल भाजपा के खिलाफ एकजुट होंगे। हमें इन्हें परास्त करने के लिए इसी हिसाब से खुद को तैयार करना होगा। उन्होंने नाम लिए बगैर कहा कि दूसरे दलों का हाल ये है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश के विरोध तक में उतर आए हैं। भाजपा को छोड़ बाकी दलों को देश की चिंता नहीं है। ऐसे में देश के लिए भाजपा और मोदी का सशक्त होना जरूरी है। इसलिए हमें अपना दायरा और अधिक बढ़ाना है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने उत्तराखंड के चार दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को यहां बीजापुर गेस्ट हाउस में 'विचारधारा, राजनीतिक दृष्टिकोण एवं दिशा और बूथ के कार्यक्रम' विषय पर परिचर्चा में उक्त बातें कही। बंद सभागार में यह परिचर्चा भाजपा के पदाधिकारियों, मुख्यमंत्री, सांसदों, विधायकों और मोर्चा अध्यक्षों के साथ हुई। इस मौके पर नड्डा ने कहा कि भाजपा की पूंजी उसका विचार है, जबकि अन्य दल विचारशून्य हैं। इसीलिए भाजपा निरंतर आगे बढ़ती चली गई। भाजपा से जो भी कार्यकर्त्‍ता जिस तरीके से भी जुड़ा है, वह एकदम सही जगह है।

सूत्रों के अनुसार उन्होंने कहा कि हमारा मंत्र प्रखर राष्ट्रवाद है। पार्टी के लिए पहले देश, फिर दल और इसके बाद व्यक्ति है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने देश को डुबोया, उसके लोग पूछते हैं कि हमारी आर्थिक नीति क्या है। उन्होंने कहा कि हमारा आर्थिक दर्शन मजबूत है। एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाने पर भाजपा का फोकस है। प्रधानमंत्री मोदी की जितनी भी योजनाएं हैं, वह अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित हैं। इस कड़ी में उन्होंने आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, जन-धन खाते, किसान सम्मान निधि समेत अन्य योजनाओं का उल्लेख किया।

कोरोनाकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व में दुनिया के सक्षम देश ये तय नहीं कर पा रहे थे कि कोरोना से निबटने को लाइन आफ एक्शन क्या होगा। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप को कोविड मैनेजमेंट को लेकर मार सहनी पड़ी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में सही समय पर लॉकडाउन का फैसला लिया। अर्थव्यवस्था को संवारने को आत्मनिर्भर भारत योजना शुरू की।

सूत्रों के मुताबिक उन्होंने कहा कि देश की जनता बार-बार भाजपा को आशीर्वाद देने को तैयार है। केरल, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में कमल प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर खिला है। उन्होंने कहा कि बहुत सी सियासी शक्तियां प्रधानमंत्री मोदी व देश के खिलाफ काम कर रही हैं। कुछ अंतर्राष्ट्रीय शक्तियां भी सक्रिय हैं। आगामी चुनावों में भी ये शक्तियां भाजपा के खिलाफ एकजुट होंगी। लिहाजा, इन्हें शिकस्त देने के लिए हमें अपनी ताकत और दायरा दोनों ही बढ़ाने हैं। उन्होंने बूथ स्तर पर पार्टी संगठन की और अधिक मजबूती पर बल दिया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि 2017 की भांति 2022 के विस चुनाव में भी भाजपा इतिहास रचेगी। संचालन प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने किया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा, तीरथ सिंह रावत, माला राज्यलक्ष्मी शाह आदि मौजूद थे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दून में पार्टी के आंबेडकरनगर मंडल की बैठक, प्रबुद्ध सम्मेलन, दायित्वधारी, जिला पंचायत व सहकारी बैंकों के अध्यक्षों के साथ बैठकें लीं। देर शाम को उन्होंने मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष व महामंत्री संगठन से अलग-अलग बैठक की। इससे पहले, सुबह हरिद्वार से देहरादून पहुंचने के दौरान पार्टी कार्यकत्र्ताओं ने जगह-जगह मानव श्रृंखला बनाकर उनका स्वागत किया।

यह भी पढ़ें: BJP National President JP Nadda: जेपी नड्डा ने संतों से मांगा जीत का आशीर्वाद, कहा देश को विकास के रास्ते पर ले जा रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी

chat bot
आपका साथी