आगामी चुनावों में महिलाओं को मिलेगा ज्यादा प्रतिनिधित्व, विस चुनावों में भाजपा की जीत को जुटेगा मोर्चा

BJP Mahila Morcha National Working Committee meeting भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक रविवार से देहरादून में शुरू हुई। कार्यसमिति के दूसरे दिन आज तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहले सत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री दर्शना जरदोश का संबोधन होगा।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 01:05 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 09:54 PM (IST)
आगामी चुनावों में महिलाओं को मिलेगा ज्यादा प्रतिनिधित्व, विस चुनावों में भाजपा की जीत को जुटेगा मोर्चा
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक का दूसरा दिन।

राज्‍य ब्‍यूरो, देहरादून। BJP Mahila Morcha National Working Committee meeting आगामी चुनावों में भाजपा अधिक से अधिक महिलाओं को प्रतिनिधित्व देगी। भाजपा महिला मोर्चा ने यह उम्मीद जताई है। मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के अंतिम दिन सोमवार को हुई प्रेस ब्रीफिंग में मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री सुखप्रीत कौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अगुआई में सरकार और संगठन में महिलाओं को लगातार सम्मान दिया जा रहा है। नए भारत में महिलाओं को बराबरी का दर्जा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि टिकट के लिए लड़ाई वहां होती है, जहां कोई देने को तैयार न हो। यहां तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साफ किया है कि आने वाले समय में महिलाएं भारत का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां बिना मांगे नेतृत्व दिया जाता है।

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के समापन सत्र से पहले पत्रकारों से बातचीत में मोर्चा की महामंत्री सुखप्रीत कौर ने कहा कि भाजपा संगठन में पहले ही महिलाओं के 33 फीसद आरक्षण की व्यवस्था है। भाजपा सरकारों ने निकाय व पंचायतों के चुनावों में 50 फीसद आरक्षण दिया। पार्टी की पहले ही प्रतिबद्धता है कि विधानसभा चुनावों में वह महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण देगी।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक हस्तक्षेप रातों रात नहीं होता। पूर्व में जब महिलाएं निकायों में निर्वाचित हुर्इं तो शुरुआत में उनके पति काम करते थे। आज महिलाएं खुद कार्य करती हैं। केंद्र सरकार व पार्टी नेतृत्व द्वारा महिलाओं को निरंतर मौका दिया जा रहा है। केंद्रीय कैबिनेट में ही 11 महिलाएं मंत्री हैं, जबकि संसद में 42 सांसद व 11 राज्यसभा सदस्य महिलाएं हैं। प्रधानमंत्री मोदी बार-बार कह रहे हैं कि महिलाओं की भागीदारी बराबर होनी चाहिए।

समाज सेवा सबसे बड़ा एजेंडा

कौर ने कहा कि केंद्र सरकार की महिला उत्थान की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को बराबरी का दर्जा मिल रहा है। पार्टी महिलाओं को समर्थ बना रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में केंद्रीय योजनाओं के साथ समन्वय करते हुए मोर्चा कार्य करेगा। उन्होने कहा कि समाज की सेवा करना ही पार्टी का सबसे बड़ा एजेंडा है। चुनाव जीतकर सत्ता में आना मुख्य प्रयोजन नहीं है। महिलाओं का जीवन सरल, सक्षम हो और वे उन्नति करें, इसके लिए भाजपा संगठन लगातार काम कर रहा है।

छह राज्यों में जीत का संकल्प

मोर्चा की महामंत्री कौर के मुताबिक कार्यसमिति की बैठक में उत्तराखंड समेत छह राज्यों में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के संबंध में चर्चा हुई। तय किया कि इन राज्यों में जीत का परचम लहराने के लिए महिला मोर्चा जी-जान से जुटेगा। चुनाव में महिलाएं आगे बढ़कर कार्य करें, इसके लिए संगठनात्मक दृष्टि से मोर्चा ने योजना बनाई है। मोर्चा कार्यकर्त्ता बूथ स्तर तक जनसंपर्क में जुटेंगी। इस दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को महिलाओं तक पहुंचाया जाएगा।

वोकल फार लोकल और लोकल टू ग्लोबल पर फोकस

कौर के मुताबिक कार्यसमिति ने महिलाओं के उत्थान व स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान, स्वच्छता अभियान, स्वस्थ भारत समेत समेत अन्य कार्यक्रमों से महिलाओं को जोड़ने के लिए मोर्चा संजीदगी से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोर्चा बुनकरों व स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जुटे व्यक्तियों की आवाज बनेगा। इसके तहत 'वोकल फार लोकल' और 'लोकल टू ग्लोबल' पर फोकस किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित करने के साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई।

यह भी पढ़ें:- भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में सीएम धामी बोले; नमो के नेतृत्व में उत्तरोत्तर प्रगति कर रहा है देश

chat bot
आपका साथी