मंत्रियों के कामकाज के आकलन में जुटी भाजपा, भाजपा के प्रदेश प्रभारी ने सरकार के मंत्रियों से कोविड संबंधी कार्यों की ली जानकारी

कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के रफ्तार पकडऩे के बाद सेवा ही संगठन अभियान के तहत जरूरतमंदों की मदद को जुटी भाजपा ने अब प्रदेश सरकार के मंत्रियों के कामकाज का आकलन भी शुरू कर दिया है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने मंत्रियों के साथ बैठक ली।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 07:30 AM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 01:33 PM (IST)
मंत्रियों के कामकाज के आकलन में जुटी भाजपा, भाजपा के प्रदेश प्रभारी ने सरकार के मंत्रियों से कोविड संबंधी कार्यों की ली जानकारी
भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने वर्चुअल माध्यम से मंत्रियों के साथ बैठक की।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के रफ्तार पकडऩे के बाद सेवा ही संगठन अभियान के तहत जरूरतमंदों की मदद को जुटी भाजपा ने अब प्रदेश सरकार के मंत्रियों के कामकाज का आकलन भी शुरू कर दिया है। इस कड़ी में भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने वर्चुअल माध्यम से मंत्रियों के साथ हुई बैठक में कोविड के प्रसार और इसकी रोकथाम को उठाए गए कदमों के बारे में जिलेवार ब्योरा लिया। साथ ही मंत्रियों से पूछा कि जब से उन्हें कोविड की रोकथाम एवं प्रबंधन के मद्देनजर जिलों का जिम्मा सौंपा गया है, तब से अब तक क्या-क्या काम किए गए। यह भी पूछा गया कि मंत्रियों ने अपने-अपने आवंटित जिलों में कितने दौरे किए और कितने वक्त वहां रहे। साथ ही जरूरी हिदायत भी दी।

प्रदेश प्रभारी गौतम ने मंत्रियों से कहा कि जिलों में पार्टी जिलाध्यक्ष के साथ तालमेल बनाकर समस्याओं का बेहतर ढंग से हल किया जा सकता है। इसके लिए जिला पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाते हुए उनके सुझावों को भी गंभीरता से अमल में लाना होगा। उन्होंने संसाधन बढ़ाकर इनके इस्तेमाल की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना प्रभावितों तक किस तरह से मदद पहुंचाई जाए, इसे प्राथमिकता में रखा जाए। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक राहत अभियान को पहुचाना है और इसके लिए भी तत्काल कदम बढ़ाए जाएं।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पार्टी की ओर से जरूरतमंदों की मदद के लिए किए जा रहे कार्यों का ब्योरा रखा। उन्होंने सभी मंत्रियों से अपने जिलों से निरंतर कोविड की स्थिति का जायजा लेने और प्रभावितों की मदद के लिए अधिकारियों से नियमित समन्वय बनाने की अपेक्षा की। साथ ही जिलों में प्रवास कर राहत कार्य तेज करने और संसाधन बढ़ाने के मद्देनजर निरंतर समीक्षा करने पर जोर दिया।

प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सभी को व्यक्तिगत स्तर पर जुटना होगा। जिला स्तर पर कोरोना के खिलाफ जनसामान्य की मदद में जुटे पदाधिकारियों के साथ भी तालमेल जरूरी है। बैठक से सरकार के सभी मंत्रियों के अलावा भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, कुलदीप कुमार व सुरेश भट्ट भी जुड़े।

यह भी पढ़ें-सत्ता के गलियारे से : पूर्व मुख्यमंत्री बोले, पहले अनुभव लो मंत्रीजी

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी