परेशानी का कारण बनी दो राज्यों के बीच की सड़क

विकासगर कुल्हाल ग्राम पंचायत क्षेत्र से होकर गुजरने वाली शक्तिनहर के किनारे की सड़क राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Apr 2021 12:24 AM (IST) Updated:Sat, 03 Apr 2021 12:24 AM (IST)
परेशानी का कारण बनी दो राज्यों के बीच की सड़क
परेशानी का कारण बनी दो राज्यों के बीच की सड़क

संवाद सहयोगी, विकासगर: कुल्हाल ग्राम पंचायत क्षेत्र से होकर गुजरने वाली शक्तिनहर के किनारे की सड़कों की बदहाली स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए मुसीबत का कारण बन रही है। उत्तराखंड राज्य के अस्तित्व में आने के बाद से दोनों किनारों पर सड़कों का निर्माण नहीं कराया गया। राज्य के अधिकारियों का कहना है कि सड़कें उत्तर प्रदेश के कार्य क्षेत्र में आती हैं, उधर उत्तर प्रदेश के अधिकारियों की सड़क बनाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिख रही है।

ग्राम पंचायत कुल्हाल के ग्रामीण क्षेत्र व सिचाई विभाग कॉलोनी क्षेत्र की मुख्य सड़कों की स्थिति दयनीय हो गई है। राज्य गठन के बाद से दोनों सड़कों का निर्माण नहीं हो पाया, जिसके चलते इन पर पैदल तक चलना मुश्किल हो गया है। सड़क के एक किनारे पर कुल्हाल ग्राम पंचायत स्थित है तो दूसरे पर क्षेत्र का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बाबा भूरेशाह की मजार व सरकारी कॉलोनी है। कॉलोनी में रहने वाले सिचाई विभाग के कर्मचारी और मजार पर आने-जाने वालों को को उबड़-खाबड़ सड़क से ही होकर गुजरना पड़ता है। ऐसी ही स्थिति ग्रामीणों की भी है। कुल्हाल ग्राम पंचायत के प्रधान मोहम्मद सलीम का कहना है कि कुल्हाल शक्तिनहर के मुख्य पुल से आगे नहर किनारे की दोनों सड़क उत्तर प्रदेश सिचाई विभाग के कार्य क्षेत्र में आती हैं। इस कारण उत्तराखंड जल विद्युत निगम इस क्षेत्र में किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं करता है। वहीं उत्तर प्रदेश के अधिकारी भी सड़क बनाने में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं। ग्राम प्रधान का कहना है कि उत्तर प्रदेश के अधिकारी समय-समय पर नहर का मरम्मत कार्य तो कराते हैं, लेकिन सड़क निर्माण के मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सिचाई विभाग को पत्र भेजकर अवगत कराया गया है। जब तक वह नहर किनारे की सड़कों का निर्माण नहीं कराएंगे, तब तक नहर के भीतर या नहर से संबंधित किसी भी कार्य को क्षेत्र में नहीं करने दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी