डीएम के आदेश के खिलाफ अपील खारिज, नगर पालिका मसूरी की जमीन पर कब्जा कर पेट्रोल पंप बनाने का है मामला

नगर पालिका मसूरी की भूमि पर कब्जा कर पेट्रोल पंप बनाने के मामले में पंप संचालक को मंडलायुक्त की कोर्ट से राहत नहीं मिली। एनओसी निरस्त करने के जिलाधिकारी के आदेश को चुनौती देने वाली अपील मंडलायुक्त रविनाथ रमन ने खारिज कर दी।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Thu, 08 Apr 2021 10:08 AM (IST) Updated:Thu, 08 Apr 2021 10:08 AM (IST)
डीएम के आदेश के खिलाफ अपील खारिज, नगर पालिका मसूरी की जमीन पर कब्जा कर पेट्रोल पंप बनाने का है मामला
पालिका की भूमि पर पेट्रोल पंप बनाने के मामले में पंप संचालक को मंडलायुक्त की कोर्ट से राहत नहीं मिली।

जागरण संवाददाता, देहरादून। नगर पालिका मसूरी की भूमि पर कब्जा कर पेट्रोल पंप बनाने के मामले में पंप संचालक को मंडलायुक्त की कोर्ट से राहत नहीं मिली। एनओसी निरस्त करने के जिलाधिकारी के आदेश को चुनौती देने वाली अपील मंडलायुक्त रविनाथ रमन ने खारिज कर दी।

पेट्रोल पंप संचालक सुनील कुमार गोयल ने मंडलायुक्त के समक्ष अपील दायर कर कहा था कि उनका पक्ष सुने बिना एनओसी निरस्त कर दी गई है। उनके खिलाफ जो मुकदमा दर्ज किया गया है, उस पर उन्हें हाई कोर्ट से स्टे प्राप्त है। मंडलायुक्त ने सभी तथ्यों का अवलोकन करने पर पाया कि नगर पालिका की भूमि की रजिस्ट्री कूटरचना कर सुनील कुमार गोयल ने अपने नाम की है। इस मामले में कई व्यक्तियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

पक्षकार ऐसा कोई साक्ष्य नहीं दे पाए, जिसमें प्रश्नगत प्रकरण में हाई कोर्ट ने उन्हें राहत दी हो। वहीं, एनओसी जारी करते समय जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि नियमों का उल्लंघन करने पर एनओसी स्वत: निरस्त मानी जाएगी। इसके साथ ही नगर पालिका ने अपनी भूमि से सुनील कुमार गोयल का कब्जा खाली कराने की कार्रवाई भी कर दी है। लिहाजा, जिलाधिकारी का आदेश उपयुक्त है।

उधर, नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से मांग की है कि जो पंप पालिका की जमीन पर बना है, जनहित में उसके संचालन का अधिकार पालिका को दिया जाए।

जनहित में खोला जाए किंक्रेग का पेट्रोल पंप

मसूरी टेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से किंक्रेग स्थित पेट्रोल पंप को जनहित में खोलने की मांग की है। बुधवार को मसूरी टेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। कहा कि एसोसिएशन व्यापारियों से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन व व्यापारियों के बीच कड़ी के रूप में कार्य करती है। 

नगर पालिका व प्रशासन ने किंक्रेग स्थित भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन के पेट्रोल पंप को एकतरफा कार्रवाई कर बंद कर दिया है। पेट्रोल पंप बंद होने केकारण मसूरी के नागरिकों व पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल पंप को शीघ्र खोलकर जनता को राहत दी जाए। पूर्व में जिलाधिकारी ने किंक्रेग स्थित पालिका की इस भूमि की अनापत्ति प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया था। जिसके बाद पालिका व प्रशासन ने पेट्रोल पंप को बंद करा दिया। ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नागेंद्र उनियाल, अनिल गुप्ता, सुनील कुमार गोयल आदि शामिल रहे।

यह भी पढ़ें-महिला एवं बाल अपराध के मामले अब सीधे सौंप दिए जाएंगे पुलिस को

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

chat bot
आपका साथी