अवैध खनन के खिलाफ चला पुलिस का डंडा, सात वाहन सीज

विकासनगर कोतवाली विकासनगर पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ छापेमार कार्रवाई कर यमुना से सात वाहन पकड़े और उन्हें सीज कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 02:46 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 02:46 AM (IST)
अवैध खनन के खिलाफ चला पुलिस का डंडा, सात वाहन सीज
अवैध खनन के खिलाफ चला पुलिस का डंडा, सात वाहन सीज

जागरण संवाददाता, विकासनगर: कोतवाली विकासनगर पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ छापेमार कार्रवाई कर यमुना से सात वाहन पकड़े और उन्हें सीज कर दी। पुलिस टीमों की छापेमारी के चलते चालक अवैध खनन से भरे वाहन छोड़कर हिमाचल प्रदेश की सीमा में भाग निकले। बरामद वाहनों को पुलिस कर्मियों को खुद चलाकर कोतवाली लाना पड़ा। पुलिस ने अवैध खनन से भरे वाहनों को लावारिश में दाखिल किया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।

पछवादून में डाकपत्थर से रामपुर मंडी तक यमुना का एक किनारा उत्तराखंड में और दूसरा किनारा हिमाचल प्रदेश में पड़ता है। इसका सीधा फायदा अवैध खनन करने वाले खूब उठा रहे हैं। यमुना में रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की सूचना पर कोतवाल प्रदीप बिष्ट ने अलग-अलग टीमें बनाकर यमुना में छापेमार कार्रवाई की। नावघाट, नवाबगढ़ घाट क्षेत्रों में चल रहे अवैध खनन से भरे वाहनों को पकड़ने के लिए टीमों ने छापेमार कार्रवाई की। जैसे ही पुलिस के घाट पर आने का पता चला, चालक अपने वाहनों को छोड़कर हिमाचल प्रदेश की सीमा में जा पहुंचे। पुलिस टीम ने अवैध खनन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई से पहले मुखबिर लगाकर उसके बारे में पता कर लिया था। यमुना नदी में पुलिस टीमों ने आपसी समन्वय स्थापित कर अलग-अलग घाटों से घेराबंदी व दबिश देकर सात ट्रैक्टर ट्राली पकड़ा। इन वाहनों को चौकी इंचार्ज और सिपाहियों ने खुद चलाकर कोतवाली पहुंचाया। कोतवाल के अनुसार वाहनों को अवैध खनन, लावारिश व वाहन अधिनियम में सीज किया गया। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद सिंह राणा, बाजार चौकी प्रभारी विवेक भंडारी, चौकी प्रभारी कुल्हाल रजनीश कुमार सैनी, दारोगा मिथुन कुमार, सिपाही परविदर कुमार, मोनू कुमार, अनिल भंडारी, श्रवण कुमार, त्रेपन सिंह, मनदीप गिरी, गजेंद्र, निकुल कुमार आदि शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी