आइआइटी रुड़की में एक करोड़ का गबन करने वाला आरोपित कर्मचारी गिरफ्तार, लंबे समय से था फरार
आइआइटी रुड़की में एक करोड़ रुपये गबन करने के एक मामले में कोतवाली पुलिस ने कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपित धीरज कुमार उपाध्याय मूल रूप उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पटेरहा थाना का रहने वाला है।
जागरण संवाददाता, रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) रुड़की को एक करोड़ से अधिक का चूना लगाने वाले आइआइटी के कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पिछले एक साल से फरार चल रहा था। आरोपित ने खाता संख्या में गड़बड़ी कर 13 बैंकों से हुई ट्रांजेक्शन अपने खातों में करा ली थी। पुलिस ने आरोपित कर्मचारी का चालान कर दिया है।
कोतवाली रुड़की में पत्रकारों से बातचीत में डीआइजी डा. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पिछले साल 11 दिसंबर को आइआइटी रुड़की के रजिस्ट्रार प्रशांत गर्ग ने अपने ही संस्थान के डीन आफिस में तैनात सीनियर असिस्टेंट क्लर्क धीरज कुमार उपाध्याय निवासी पटेरहा, थाना पडरौना, जिला कुशीनगर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी ग्राम भंगेड़ी रुड़की के विरुद्ध कोतवाली रुड़की में गबन का मुकदमा दर्ज कराया था।
इसमें उन्होंने बताया था कि कर्मचारी ने संस्थान के अकाउंट में जमा होने वाले रुपयों को हेराफेरी कर अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया था। उसने संबंधित जगह संस्थान के बजाय अपना खाता संख्या दे दिया था। 13 बैंकों से ट्रांजेक्शन के माध्यम से एक करोड़ पांच लाख 35 हजार 753 रुपये का गबन किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपित कर्मचारी फरार चल रहा था। आरोपित कर्मचारी धीरज कुमार को उसके भंगेड़ी स्थित किराये के मकान से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित वर्ष 2017 से यह गड़बड़ी कर रहा था। उसके खाते में जमा 20 लाख रुपये को होल्ड करा लिया गया है। बाकि रुपयों को वह खाते से निकाल चुका है। आरोपित कर्मचारी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में इंस्पेक्टर अमर चंद शर्मा, एसआइ नरेंद्र सिंह, कांस्टेबल विनोद चपराना, रघुवीर सिंह व अरविंद के नाम शामिल हैं।
दस लाख की स्मैक के साथ तीन गिरफ्तार
कोतवाली गंग नहर पुलिस ने लगभग दस लाख की स्मेक के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें वसीम निवासी शाहपुर, योगेश कुमार निवासी जहाजगढ़, इमरान निवासी नन्हेड़ा थाना भगवानपुर हैं, जिनके खिलाफ गंग नहर कोतवाली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपितों को पकड़ने वाली टीम में पुलिस क्षेत्राधिकारी विवेक कुमार गंगनहर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह वरिष्ठ उप निरीक्षक संतोष पेटवाल, लक्ष्मण सिंह कुंवर, संदीप कुमार, जितेंद्र, सुरेंद्र पाल, सुरेंद्र, चेतन सिंह का दी टीम में शामिल है। गौरतलब है कि डीआईजी डॉ योगेंद्र सिंह रावत ने सिविल लाइन कोतवाली में एक प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी है।
यह भी पढ़ें- देहरादून: दो और लोगों को फंसा साइबर ठगों ने खाते से उड़ाए तीन लाख रुपये, ऐसे लिया झांसे में