उत्तराखंड में कृषि उत्पादों की बिक्री को नहीं भटकेंगे किसान, खोले जाएंगे 1200 रिटेल आउटलेट

राज्यभर में 1200 रिटेल आउटलेट खोलने का निश्चय किया गया है जिसमें कृषि उत्पादों की बिक्री होगी। यात्रा मार्गों और पर्यटक स्थलों में इन आउटलेट को खोलने पर फोकस अधिक रहेगा।

By Edited By: Publish:Fri, 10 Jul 2020 07:49 PM (IST) Updated:Fri, 10 Jul 2020 08:53 PM (IST)
उत्तराखंड में कृषि उत्पादों की बिक्री को नहीं भटकेंगे किसान, खोले जाएंगे 1200 रिटेल आउटलेट
उत्तराखंड में कृषि उत्पादों की बिक्री को नहीं भटकेंगे किसान, खोले जाएंगे 1200 रिटेल आउटलेट

देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड में किसानों को निकट भविष्य में कृषि उत्पादों की बिक्री के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सरकार ने इस क्रम में राज्यभर में 1200 रिटेल आउटलेट खोलने का निश्चय किया है, जिसमें कृषि उत्पादों की बिक्री होगी। यात्रा मार्गों और पर्यटक स्थलों में इन आउटलेट को खोलने पर फोकस अधिक रहेगा। इसके जरिए प्रतिवर्ष राज्य में आने वाले सैलानियों तक यहां के कृषि उत्पादों को पहुंचाने की मंशा है। 

कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने रिटेल आउटलेट योजना के मद्देनजर मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। सूबे में तमाम कारणों से भले ही खेती प्रभावित हुई हो, लेकिन यहां के कृषि उत्पादों के जैविक होने के कारण इनकी बड़ी मांग है। फिर चाहे वह मंडुवा, झंगोरा, राजमा, चौलाई हों अथवा अन्य कृषि उत्पाद, ये सभी पौष्टिकता से लबरेज हैं। बावजूद इसके, बाजार का अभाव हमेशा खटकता रहता है। हालांकि, जिला स्तर पर गठित रिवॉल्विंग फंड के जरिए इनकी खरीद की व्यवस्था है, लेकिन दूरस्थ क्षेत्रों के किसान इसका उचित लाभ नहीं उठा पा रहे। 
इस सबको देखते हुए सरकार अब राज्यभर में 1200 रिटेल आउटलेट खोलने जा रही है, जिसमें किसानों से लिए जाने वाले कृषि उत्पादों की बिक्री होगी। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल के अनुसार परंपरागत कृषि विकास योजना के तहत ही प्रदेश में चार हजार क्लस्टर में खेती हो रही है। इस तरह की व्यवस्था की जाएगी कि चार-पांच गांवों के केंद्र में एक रिटेल आउटलेट खुले। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में भी इन्हें खोला जाएगा। कृषि मंत्री उनियाल ने बताया कि योजना में मुख्य फोकस यात्रा मार्गों और पर्यटक स्थलों पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस बार परिस्थितियां ठीक नहीं हैं, लेकिन जब भी पर्यटन शुरू होगा तो देश-दुनिया के लोग इन आउटलेट के माध्यम से यहां के कृषि उत्पादों की खरीद कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में प्रतिवर्ष आने वाले पर्यटकों तक ही कृषि उत्पादों को पहुंचाने में हम सफल रहे तो यह एक बड़ी उपलब्धि होगी। इससे जहां किसानों को कृषि उत्पादों का उचित दाम मिल सकेगा, वहीं आउटलेट के माध्यम से रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि रिटेल आउटलेट योजना के क्रियान्वयन के लिए मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके बाद जल्द ही इस योजना को लांच किया जाएगा।
chat bot
आपका साथी