वायुरथ ने की आदित्य महादेव मंदिर की परिक्रमा

सुई विशुंग अषाढ़ी वायुरथ महोत्सव के दौरान रक्षाबंधन के दिन मां भगवती के वायुरथ ने सुई स्थित आदित्य महादेव मंदिर की परिक्रमा की।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 03 Aug 2020 11:28 PM (IST) Updated:Tue, 04 Aug 2020 06:11 AM (IST)
वायुरथ ने की आदित्य महादेव मंदिर की परिक्रमा
वायुरथ ने की आदित्य महादेव मंदिर की परिक्रमा

संवाद सहयोगी, लोहाघाट : सुई विशुंग अषाढ़ी वायुरथ महोत्सव के दौरान रक्षाबंधन के दिन मां भगवती के वायुरथ ने सुई स्थिति आदित्य महादेव मंदिर की परिक्रमा की। इसबार कोविड-19 के चलते बीस गांव विशुंग और पांच गांव सुई की परिक्रमा नहीं हो सकी। मंदिर की परिक्रमा के दौरान प्रत्येक गांव के मात्र दो-दो लोगों ने रथ को घुमाया।

बाद में चार द्योली के आयुधों के साथ देवडांगरों ने पांच गांव सुई व बीस गांव विशुंग की परिक्रमा की। इससे पूर्व विधि विधान से सुई के शिव मंदिर प्रांगण में चार द्योली के देव डागरों को पवित्र जल व दूध से स्नान कराया गया। देवडांगरों के आयुधों को भी स्नान कराया गया। देवडांगरों व देवी के गणों ने यात्रा मार्ग पर कई जगह अक्षत और दूध की गाल खाई तथा श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। दोपहर बाद आदित्य महादेव मंदिर से शुरू हुए देव डांगरों की पैदल यात्रा पऊ, चनकांडे, डुंगरी होते हुए विशुंग पहुंची। पऊ के मस्टा एवं चनकांडे में प्राचीन चौपाड़ी में कुछ देर के लिए विश्राम कर देवडांगर जगदीश पुजारी, दिवान सिंह, दिवान सिंह बिष्ट, नवीन चौबे, हरीश राम, अर्जुन राम, प्रकाश खर्कवाल, सुंदर सिंह के शरीर में अवतरित देवी देवताओं ने भक्तों को आशीर्वाद दिया।

इस दौरान युवाओं ने जयकारे लगाए और महिलाओं ने मंगल गीत गाए। कोटाल गढ़, द्योला गढ़, विशुंग के टाक आदि स्थानों में परम्परा के तहत कुछ देर के लिए देवडांगरों को विश्राम दिया गया। टाक में पवित्र जल व दूध से स्नान करने के बाद भगवती के अवतार व अन्य देवडांगर चाकबुड़ी पहुंचे तथा न्याय गद्दी लगाकर आशीर्वाद दिया। महोत्सव के सफल संचालन में मेला समिति के संरक्षक सचिन जोशी, कै. कालू सिंह करायत, अध्यक्ष श्याम दत्त चौबे, भुवन चौबे, मदन पुजारी, कैलाश पांडेय,प्रकाश खर्कवाल, सुनील चौबे, मदन पुजारी, हयात सिंह माहरा, गौरव डुंगरिया आदि ने सहयोग किया।

chat bot
आपका साथी