अभी तक किसी ने नहीं सुना खरही क्षेत्र के लोगों का दर्द
बीते दिनों आई आपदा के कारण खरही क्षेत्र में भी व्यापक नुकसान हुआ है लेकिन आपदा के करीब 10 दिन बाद भी कोई सुध नहीं ली है।
संवाद सहयोगी, चम्पावत : बीते दिनों आई आपदा के कारण खरही क्षेत्र में भी व्यापक नुकसान हुआ है, लेकिन आपदा के लगभग 10 दिन बीतने के बाद भी प्रशासन का कोई भी अधिकारी लोगों का दर्द बांटने नहीं पहुंचा है। सुध न लिए जाने पर ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने बताया कि क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण पुल ध्वस्त होने के साथ छह पैदल मार्ग जमीनदोज हो गए हैं। इससे ग्रामीणों का संपर्क कट गया है।
ग्रामीण नवीन नाथ गोस्वामी, दीवान सिंह बोहरा, दीपक गोस्वामी, अनिल रावत, सूरज बिष्ट आदि ने बताया कि 19 अक्टूबर की बारिश से खरही क्षेत्र (नौगांव) के तल्ली खरही, मल्ली खरही, रौत्यूड़ा, ईजर, नाखुड़ा, बैजगांव, क्वैराली चौड़, द्यार चौड़ा आदि जगहों पर निजी और सरकारी सम्पत्ति को व्यापक नुकसान हुआ है। सबसे अधिक नुकसान तल्ली खरही में हुआ है। यहां तल्ली खरही-भिंगराड़ा और तल्ली खरही-बालातड़ी पुल टूट गए हैं। इसके अलावा छह पैदल मार्ग ध्वस्त हो गए हैं। इसके अलावा ईजर-खरही पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। तल्ली क्वैराली होते हुए प्राथमिक विद्यालय का रास्ता जमीनदोज होने से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। जमाड़ गांव में नवीन कोटिया का आवासीय मकान खतरे की जद में है। प्रेमनाथ की 10 नाली उपजाऊ जमीन ध्वस्त हो गई है। बैजगांव निवासी गोविंद बल्लभ शर्मा की मकान में भी दरार आ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक प्रशासन का कोई भी नुमाइंदा नुकसान का आकलन करने नहीं पहुंचा है। इससे जनता में आक्रोश है। मार्ग टूटने से कई गांवों का एक दूसरे से सम्पर्क कट गया है। ============== राजस्व विभाग की टीम को मौके पर जाकर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया कि जल्दी ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिए जाएंगें। प्रभावित मुआवजे के दायरे में आएंगे तो उन्हें क्षतिपूर्ति भी दी जाएगी।
-रिकू सिंह, एसडीएम, पाटी