तकनीकी कर्मचारियों की कमी, निगम की बसें बन रही डमी

दीपक सिंह धामी, टनकपुर : परिवहन निगम की बसें रामभरोसे चल रही हैं। मरम्मत के अभाव में बसें मात्र डम

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Jul 2019 06:17 AM (IST) Updated:Sat, 20 Jul 2019 06:17 AM (IST)
तकनीकी कर्मचारियों की कमी, निगम की बसें बन रही डमी
तकनीकी कर्मचारियों की कमी, निगम की बसें बन रही डमी

दीपक सिंह धामी, टनकपुर :

परिवहन निगम की बसें रामभरोसे चल रही हैं। मरम्मत के अभाव में बसें मात्र डमी बन रही हैं। बसें मार्ग पर कब धोखा दे जाएं पता नहीं। आए दिन बसों के बीच मार्ग पर खड़ा हो जाने से यात्री तो परेशान होते ही हैं साथ ही कर्मचारियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कारण कि प्रदेश बनने के बाद से आज तक परिवहन निगम के वर्कशॉप में तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती नहीं हुई। जो पद स्वीकृत थे उसमें तैनात कर्मचारी लगातार सेवानिृवत्त हो रहे हैं। वर्तमान में स्वीकृत पदों के सापेक्ष मात्र 30 प्रतिशत ही कर्मचारी कार्य कर रहे हैं।

प्रदेश गठन को 19 साल पूरे होने को हैं, मगर प्रदेश में परिवहन निगम का ढांचा जस का तस बना हुआ है। निगम के बेड़े में लगातार बसें घट बढ़ रही है मगर बसों की मरम्मत करने वाले कर्मचारियों में कोई बदलाव नहीं है। निगम के टनकपुर रिजन में मेजर वर्कशॉप के साथ टनकपुर, पिथौरागढ़ व लोहाघाट डिपो की अपनी वर्कशॉप है। उस समय बसों की मरम्मत के लिए वर्कशॉप में 271 तकनीकी स्टॉफ के पद स्वीकृत हुए। सभी पदों पर लगभग तैनाती भी हुई, लेकिन धीरे-धीरे कर यह पद खाली होते रहें। कारण कि निगम ने उसके बाद इन पदों पर भर्ती ही नहीं की। नए कर्मचारियों की भर्ती न होने के कारण कर्मचारी लगातार सेवानिवृत्त होने लगे। वर्तमान में आलम यह है कि वर्कशॉप में 271 पद के सापेक्ष मात्र 84 कर्मचारी ही कार्यरत है। 189 कर्मचारियों के पद रिक्त है। निगम 96 आउटसोर्स कर्मचारियों से काम चला रहा है। नतीजा कर्मचारी सभी बसों पर ध्यान नहीं दे पाते। छोटे मोटे फॉल्ट ठीक कर ओके कर भेज देते। जिसका खामियाजा यात्रियों व चालक परिचालकों को भुगतना पड़ता है।

========== एक फोरमैन के भरोसे जनपद का परिवहन विभाग व निगम परिवहन निगम के टनकपुर रिजन में सीनियर फोरमैन प्रथम व द्वितीय के कुल 12 पद स्वीकृत है। मगर इन पदों पर मात्र दो पद पर ही तैनाती हुई है। इसमें एक टनकपुर तो दूसरा पिथौरागढ़ डिपो में तैनात है। यूं कहें कि पूरे जनपद में मात्र एक फोरमैन है। परिवहन निगम के अलावा परिवहन विभाग का भी कार्य इसी फोरमैन के भरोसे चल रहा है।

=========== सामान की भी रहती है कमी बसों की हालत ठीक न होने के कारण निगम पर कराड़ों रुपयों का बकाया है। निगम पा‌र्ट्स तो खरीद रहा, लेकिन उनका पेमेंट समय से नहीं कर पा रहा है। जिस कारण पा‌र्ट्स देने वाली कंपनियों ने भी पेमेंट के अभाव में किनारा करना शुरू कर दिया है। जिस कारण वर्कशॉप में बसों के पा‌र्ट्स भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। ======== निगम वर्कशॉप पर एक स्थिति

पदनाम स्वीकृत कार्यरत रिक्त

सीनियर फोरमैन 6 2 4

जू. फोरमैन मैकेनिक 12 4 8

जू. फोरमैन विद्युत 1 0 1

मैकेनिक मोटर 12 2 10

मैकेनिक बॉडी 6 1 5

सहायक मैकेनिक 27 22 5

फिटर 45 5 40

फिटर विद्युत 13 0 13

सहा. बल्कनाइजर 12 2 10

मजदूर 50 8 42

अन्य पद - - -

कुल 271 84 189

========= रोडवेज वर्कशॉप में प्रदेश गठन के बाद से तैनाती नहीं हुई है। जिस कारण लगातार कर्मचारी कम हो रहे हैं। प्रतिमाह कर्मचारियों की स्थिति की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाती है। जल्द कर्मचारियों की तैनाती होगी। - लेखराज, आरएम तकनीकी, टनकपुर रीजन

chat bot
आपका साथी