शारदा नदी उफनाई, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

चम्पावत जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही मूसलधार बारिश से टनकपुर में शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 09:59 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 09:59 PM (IST)
शारदा नदी उफनाई, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
शारदा नदी उफनाई, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

संवाद सहयोगी, टनकपुर : जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही मूसलधार बारिश से टनकपुर में शारदा नदी का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र में भी शुक्रवार की रात से लगातार बारिश हो रही है। नदी का जल स्तर एक लाख 90 हजार क्यूसेक तक पहुंचने के बाद प्रशासन ने शारदा चुंगी में रह रहे लोगों को अलर्ट कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कह दिया है।

शुक्रवार की रात शारदा नदी में पानी का स्तर एक लाख 30 हजार क्यूसेक था जो शनिवार को अपरान्ह चार बजे तक बढ़कर एक लाख 90 हजार क्यूसेक तक आ गया है। नदी के उफान पर आने के कारण एनएचपीसी ने बैराज पुल के 22 गेटों को खोल दिया है। एहतियातन बैराज से नहर को जाने वाले पानी को भी बंद कर दिया गया है। इससे बिजली उत्पादन भी ठप हो गया है। उप जिलाधिकारी हिमाशु कफल्टिया शनिवार को भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने शारदा घाट व शारदा चुंगी के आसपास रह रहे लोगों को नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है। लगातार हो रही बरसात से नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह घरों में पानी घुस आया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ========= तेल और गैस की हुई आपूर्ति

पिथौरागढ़: शुक्रवार सायं कुछ देर के लिए एनएच खुलने से जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति हुई। आपूर्ति होने से आसन्न संकट टल गया। विगत पांच दिनों से एनएच बंद होने से जिले में गैस और तेल का कोटा समाप्ति पर पहुंच गया था। शीघ्र आपूर्ति नहीं होने पर संकट गहराने के आसार थे। शुक्रवार सायं को एनएच के दिल्ली बैंड के पास खुलने से छह गैस वाहन और 14 टैंकर पिथौरागढ़ पहुंचे। ये वाहन मार्ग बंद होने से घाट के पास फंसे थे। तेल और गैस की आपूर्ति होने से आने वाले दो तीन दिनों तक संकट टल गया है। मार्ग कुछ देर खुलने के बाद फिर से बंद हो गया था।

chat bot
आपका साथी