बर्फ की कमी से औली में शीतकालीन खेल रद

औली में प्रस्तावित राष्ट्रीय सीनियर अल्पाइन स्कीइंग एंड स्नो बोर्ड चैंपियनशिप को बर्फ की कमी के कारण रद कर दिया गया है। यह आयोजन एक मार्च से प्रस्तावित था।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 10:09 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 10:09 PM (IST)
बर्फ की कमी से औली में शीतकालीन खेल रद
बर्फ की कमी से औली में शीतकालीन खेल रद

संवाद सूत्र, जोशीमठ: औली में प्रस्तावित राष्ट्रीय सीनियर अल्पाइन स्कीइंग एंड स्नो बोर्ड चैंपियनशिप को बर्फ की कमी के कारण रद कर दिया गया है। यह आयोजन एक मार्च से प्रस्तावित था। शीतकालीन खेल के रद होने से खिलाड़ियों में मायूसी है।

स्की एंड स्नो बोर्ड एसोसिएशन उत्तराखंड की ओर से पहले फरवरी के प्रथम सप्ताह में औली में राष्ट्रीय सीनियर अल्पाइन स्कीइंग एंड स्नो बोर्ड चैंपियनशिप का आयोजन किया जाना था। लेकिन शुरूआत में ही कम बर्फ के कारण इसे स्थगित कर मार्च प्रथम सप्ताह में आयोजन की बात कही गई। 28 फरवरी को खिलाड़ियों को हाजिरी देनी थी। इसके लिए छह से अधिक राज्यों से आयोजन में शिरकत करने के लिए हामी भरी गई थी। कृत्रिम बर्फ जमाने के लिए मशीन का भी प्रयोग किया गया, लेकिन स्लोप में पर्याप्त बर्फ नहीं जमी। स्की एंड स्नो बोर्ड एसोसिएशन उत्तराखंड के सचिव प्रवीण शर्मा ने बताया कि औली में आगामी दिनों में भी बर्फबारी के आसार न होने के चलते आयोजन रद करना पड़ा है।

स्की एंड माउंटेनियरिग एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का कहना है कि शीतकालीन खेलों के लिए औली में बर्फ नहीं है, हालांकि उत्तराखंड की टीम गुलमर्ग में आयोजित द्वितीय खेलो इंडिया खेलो प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा को निखार रही है। कहा कि गुलमर्ग में खेल आयोजन के लिए पर्याप्त बर्फ है। शनिवार को भी गुलमर्ग में बर्फबारी हुई। कहा कि अगर स्की एंड स्नो बोर्ड ऑफ इंडिया इन प्रतियोगिताओं का आयोजन गुलमर्ग में करता है तो उत्तराखंड की टीम भी हिस्सा लेगी।

बर्फ की कमी से पहले भी प्रतियोगिताएं हो चुकी रद

बर्फ की कमी से औली में पहले भी प्रतियोगिताएं रद हो चुकी हैं। इससे पहले हिमक्रीड़ा केंद्र औली को दो बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से हाथ धोना पड़ा है। वर्ष 2012 में औली को इसकी मेजबानी का मौका दिया गया। बर्फ नहीं पड़ी तो तिथि आगे खिसकाई गई। इसके बाद भी बर्फ नहीं पड़ी तो आयोजन रद करना पड़ा। 2017 में भी फिश रेस का मौका औली को मिला, लेकिन बर्फ की कमी के कारण प्रतियोगिता नहीं हो सकी। राष्ट्रीय स्तर के शीतकालीन खेल 2015 और 2016 में भी रद हो चुके थे।

chat bot
आपका साथी