औली और हर्षिल में सीजन की पहली बर्फबारी

जागरण टीम गढ़वाल पर्वतीय क्षेत्र में रविवार से शुरू हुई बर्फबारी सोमवार को भी जारी रही। बदर

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 06:54 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 07:40 PM (IST)
औली और हर्षिल में सीजन की पहली बर्फबारी
औली और हर्षिल में सीजन की पहली बर्फबारी

जागरण टीम, गढ़वाल: पर्वतीय क्षेत्र में रविवार से शुरू हुई बर्फबारी सोमवार को भी जारी रही। बदरी-केदार, गंगोत्री-यमुनोत्रीसुक्की, झाला, हर्षिल, औली और हेमकुंड में भारी बर्फबारी हुई। पर्यटन स्थलों में पर्यटकों ने बर्फ का लुत्फ उठाया, लेकिन केदारनाथ में चल रहे पुननिर्माण कार्य ठप हो गए हैं।

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ में शुक्रवार के बाद एक बार फिर रविवार को देर शाम से बर्फबारी शुरू हुई, जो पूरे दिन जारी रही। बर्फबारी अधिक होने से केदारनाथ में तापमान माइनस 15 डिग्री तक पहुंच रहा है, जबकि अधिकतम 2 डिग्री तक है। शंकराचार्य समाधि, केदारनाथ मंदिर परिसर, मंदाकिनी व सरस्वती नदी के आसपास बर्फ काफी जम गई है। बर्फ जमने से सीधा असर निर्माण कार्य पर पड़ रहा है। जनपद में तुंगनाथ, मध्यमेश्वर, चोपता, पवालीकाठा समेत ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हुई। केदारनाथ विकास प्राधिकरण की लोनिवि शाखा के अधिशासी अभियंता प्रवीन कर्णवाल ने बताया कि केदारनाथ में बर्फबारी से ठंड काफी बढ़ गई है, मौसम ठीक होने पर ही फिर से निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।

गोपेश्वर: पर्यटन स्थल औली में सीजन की पहली बर्फबारी के साथ ही यहां पर्यटकों की चहलकदमी शुरू हो गई है। पर्यटकों ने औली व गोरसों पहुंचकर बर्फबारी का लुत्फ उठाया। जिले के ब्रह्मताल व बदरीनाथ धाम में भी करीब एक फीट बर्फ जम गई है। रविवार से औली, गोरसों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए पर्यटकों ने जोशीमठ, औली व आसपास के इलाकों में डेरा डाल दिया था। सुबह औली में बर्फबारी को देख पर्यटक आनंदित दिखे। निवेदिता हास्पिटल ब्लाक-वन बीएचयू बनारस (उत्तर प्रदेश) से औली पहुंचे योगेश कहते हैं कि वह पहली बार किसी बर्फीले स्थान पर पहुंचे हैं। उनका कहना है कि बर्फ से यहां की सुंदरता स्वर्ग से कम नहीं लग रही है।

बर्फबारी से ईराणी गांव के लोग कैद

उच्च हिमालयी क्षेत्रों के साथ चमोली जिले के ईराणी गांव में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। ईराणी के ग्राम प्रधान मोहन सिंह नेगी ने बताया कि गांव में चार इंच तक बर्फ जम गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक सूखी ठंडक से आम लोग बीमार पड़ रहे थे। बर्फबारी से लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं।

उत्तरकाशी: जनपद के ऊपरी क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई है। वहीं निचले क्षेत्रों में भी बीते दो दिनों से रुक रुक कर बारिश हो रही है। गंगोत्री, यमुनोत्री, जानकी चट्टी, हर्षिल, सुक्की टाप, मुखबा, धराली, झाला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर जमकर बर्फबारी हुई है। हर्षिल में बर्फबारी के बाद पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ जाती है। बर्फबारी से यहां व्यवसायियों के साथ ही सेब काश्तकारों के चेहरे भी खिल गए हैं।

नई टिहरी : पिछले दो दिनों से मौसम के बदले मिजाज से नगरवासियों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। अभी बारिश शुरू भी नहीं हुई लेकिन सर्दी से लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। सोमवार सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हुई। वहीं नई टिहरी सहित झील के आस-पास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। सर्दी के चलते बाजार में भीड़ कम दिखाई दी। वहीं दूसरी ओर नगरवासियों ने सर्दी को देखते हुए नगरपालिका से नई टिहरी व बौराड़ी में अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी