1559 तीर्थयात्रियों ने चारों धाम में किए दर्शन

जागरण टीम गढ़वाल चार धाम यात्रा शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 07:28 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 07:28 PM (IST)
1559 तीर्थयात्रियों ने चारों धाम में किए दर्शन
1559 तीर्थयात्रियों ने चारों धाम में किए दर्शन

जागरण टीम, गढ़वाल: चार धाम यात्रा शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। बुधवार को बाबा केदार के दर्शनों के लिए सोनप्रयाग से दोपहर दो बजे तक 426 यात्री धाम के लिए रवाना हुए। उधर, गंगोत्री धाम में 164, जबकि यमुनोत्री धाम में 319 यात्रियों ने दर्शन किए। वहीं बदरीनाथ धाम में 650 यात्री दर्शनों के लिए पहुंचे, जबकि 210 ने हेमकुंड साहिब में मत्था टेका।

बुधवार को सोनप्रयाग से दोपहर दो बजे तक 426 यात्री रवाना हुए, जबकि विभिन्न पड़ाव स्थलों पर यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला बना हुआ है। प्रदेश के अलावा देश के दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु चार धाम यात्रा पर पहुंच रहे हैं। देवस्थानम बोर्ड के कार्याधिकारी एनएस जमलोकी ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर जारी एसओपी के तहत ही भक्त दर्शनों को पहुंच रहे हैं। जो प्रतिदिन की तय सीमा है, उसके तहत ही भक्तों को दर्शन की अनुमति दी जा रही है।

उधर, बदरीनाथ धाम में यात्रियों की आवाजाही से रौनक छाई हुई है। बुधवार को धाम में 650 यात्रियों ने बदरी विशाल के दर्शन किए। अभी तक धाम के लिए 24256 ई-पास जारी हो चुके हैं। धाम में यात्रियों की आवाजाही से रौनक छाई है। यात्री भगवान बदरी विशाल के दर्शनों के बाद देश के अंतिम गांव माणा सहित आसपास के धार्मिक स्थलों की सैर भी कर रहे हैं। दूसरी ओर हेमकुंड साहिब में भी मत्था टेकने के लिए यात्री लगातार पहुंच रहे हैं।

वहीं यमुनोत्री व गंगोत्री धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की आमद लगातार बढ़ने से बंद पड़े कारोबार को संजीवनी मिलने की उम्मीद है। होटल व्यवसायियों ने नियमों में ढील देने और चार धाम में प्रति दिन दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने कहा कि पंजीकरण की व्यवस्था सही नहीं है। यात्रियों को देवस्थानम और दून स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण कराने में खासी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि देवस्थानम बोर्ड के पोर्टल पर पंजीकरण की व्यवस्था को समाप्त कया जाए। इसके साथ ही ई-पास की व्यवस्था को भी रद किया जाए, जिससे अक्टूबर माह में सुचारू रूप से यात्रा चल सके। वहीं बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर पर नगर पंचायत गंगोत्री के मंदिर परिसर के साथ ही यात्रा पड़ावों के मुख्य मार्गों, प्रसाद की दुकानों और मुख्य चौराहों पर नियमित सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी