यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी, लगा जाम

बागेश्वर नगर की ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही है। शवदाह को आने वाले लोगों को भी घंटों जाम खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 03:35 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 03:35 PM (IST)
यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी, लगा जाम
यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी, लगा जाम

जागरण संवाददाता, बागेश्वर : नगर की ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही है। शवदाह को आने वाले लोगों को भी घंटों जाम खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। जिससे व्यापारियों समेत राहगीरों की भी दिक्कतें बढ़ गई हैं। लोगों ने यातायात व्यवस्था को सुचारू करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। शहर की संकरी सड़कें और उसके बाद अतिक्रमण अब यातायात पुलिस के ट्रैफिक प्लान पर भारी पड़ने लगा है। आए दिन लगने वाले जाम में शवदाह को आने वाले ग्रामीण भी फंसने लगे हैं। बुधवार को शहर के सभी रूटों पर दिन भर जाम की स्थिति रही। बस स्टेशन पर घंटों का जाम लगा। भारी और हल्के वाहन जाम में फंस गए। यात्रियों के साथ ही स्थानीय व्यापारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष हरीश सोनी ने कहा कि जाम को कम करने के लिए यातायात पुलिस को बायपास सड़कों पर विशेष ध्यान देना होगा। बरात और जिले के अन्य स्थानों पर जाने वाले वाहनों को बायपास से भेजा जाना चाहिए। जिससे शहर में वाहनों का दबाव कम होगा। शवदाह को आए प्रेम सिंह, जमन सिंह, करम सिंह, बहादुर सिंह आदि ने कहा कि अनियोजित विकास के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। अतिक्रमण अब भारी पड़ने लगा है। जिला प्रशासन को इस पर सख्त कार्रवाई करनी होगी।

ट्रैफिक पुलिस एक्शन में आई नगर की सड़कों पर बेतरतीब और नो-पाíकंग जोन पर खड़े वाहनों को लेकर ट्रैफिक पुलिस एक्शन मोड पर आ गई है। बुधवार को बस स्टेशन पर खड़े वाहनों पर पुलिस ने जैमर लगा दिया। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी होने लगी है। जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।

नगर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा रहा है। बायपास का भी उपयोग कराने के निर्देश यातायात पुलिस को दिए गए हैं। जिसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। - अमित श्रीवास्तव, एसपी, बागेश्वर

chat bot
आपका साथी