बारिश से पिडारी मोटर मार्ग बंद

बागेश्वर जिले में बीते शनिवार की रात कई इलाकों में जमकर बारिश हुई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 09:54 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 09:54 PM (IST)
बारिश से पिडारी मोटर मार्ग बंद
बारिश से पिडारी मोटर मार्ग बंद

जागरण संवाददाता, बागेश्वर : जिले में बीते शनिवार की रात कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। बारिश से एक मोटर मार्ग बंद है। आपदा प्रबंधन विभाग राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

रविवार को भी बारिश से कपकोट-पिडारी मोटर मार्ग के किमी दस पर पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। इससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। 24 घंटे बाद भी मोटर मार्ग सुचारू नहीं हो पाया है। आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मार्ग खोलने में जुटी है। वहीं काफलीकमेड़ा में अतिवृष्टि से दो आरसीसी पुलिया भी बह गई है, जिससे ग्रामीणों का संपर्क अन्य जगहों से कट गया है। राजस्व पुलिस मौके पर राहत कार्य आदि कर रही हैं।

रविवार को भी मौसम का मिजाज पल-पल बदलता। सुबह बादल के बाद दिन तक धूप खिली रही। शाम होते-होते आसमान पर बादल छाने लगे। जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि बीते दिनों बोरबलड़ा गांव के जाबर बुग्याल में आकाशीय बिजली गिर गई थी। इससे वहां रहने वाले 11 परिवारों की कुल 33 बकरियों की मौत हो गई थी। जो टीम भेजी थी उसने निरीक्षण कर लिया है। नियमानुसार सभी को मुआवजा दिया जाएगा।

वर्जन

-अभी कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। गरज के साथ बारिश हो सकती है।

-शिखा सुयाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, बागेश्वर

----

दुलम में भूस्खलन से बिजली के पोल ढहे

जागरण संवाददाता, बागेश्वर : कपकोट तहसील के दुलम गांव के पास भूस्खलन से बिजली के पोल ढह गए। इससे 25 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। ऊर्जा निगम कार्य में जुटा हुआ है। देर शाम तक बिजली व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद है।

दो दिन की बारिश से जिले में हुआ नुकसान भी दिखने लगा है। दुलम गांव में बारिश के कारण भूस्खलन हो गया। इससे गांव के पास स्थित बिजली के पोल ढहने से दुलम, बासे, कफलानी, भैंसखाली, सौंग, मुनार, सूपी, गांसी, काफली कमेडा, पेठी, लाहुर, लोहार खेत, चौडास्थल, चौडा, सुमगड, सलिग, उडियार आदि गांवों की बिजली बाधित हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पूर्व बिजली लाइन के समीप ही उरुंग-बड़ेत मोटर मार्ग काटी गई थी, जिससे पहाड़ी को काफी नुकसान हुआ था। ठेकेदार ने सड़क काटकर छोड़ दी, जिससे बारिश में भूस्खलन हो गया है। वहीं सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम ने मौके पर कर्मचारी भेज दिए हैं। शाम तक बिजली व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद है।

वर्जन

-कर्मचारी मौके पर हैं। लाइन ठीक करने का जोरों से कार्य चल रहा है। शाम तक व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।

-भाष्करानंद पांडे, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम, बागेश्वर

chat bot
आपका साथी