अवैध रूप से चल रहे थे शराब के गोदाम, सीज

बागेश्वर जिला मुख्यालय में अवैध तरीके से चल रहे शराब के एफएलटू के दो गोदाम सीज कर दिए हैं। दोनों गोदामों में करीब चार लाख की शराब भरी हुई थी। पुलिस व प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं। जागरण संवाददाता बागेश्वर जिला मुख्यालय में अवैध तरीके से चल रहे शराब के एफएलटू के

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 06:00 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 06:00 PM (IST)
अवैध रूप से चल रहे थे शराब के गोदाम, सीज
अवैध रूप से चल रहे थे शराब के गोदाम, सीज

जागरण संवाददाता, बागेश्वर : जिला मुख्यालय में अवैध तरीके से चल रहे शराब के एफएलटू के दो गोदाम सीज कर दिए हैं। दोनों गोदामों में करीब चार लाख की शराब भरी हुई थी। पुलिस व प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

सोमवार की रात करीब दस बजे पुलिस की सूचना पर प्रशासनिक महकमे ने मुख्यालय स्थित ठंडी सड़क पर स्थित कथित दो एफएलटू गोदामों का निरीक्षण किया। तहसीलदार नवाजिस खलीक के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची। एक गोदाम में 423 व दूसरे गोदाम में 170 अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुई। तहसीलदार नवाजिस खलीक ने आबाकारी विभाग से स्टाक पंजिका मंगाई तो वह बगलें झांकने लगे। मंगलवार तक भी आबकारी विभाग स्टाक पंजिका नहीं दिखा पाया था। वहीं दोनों गोदाम पिछले 2016-17 से चल रहे थे। इन दोनों गोदामों का पंजीकरण भी नहीं किया गया है। गोदामों में आबकारी विभाग का ही ताला लगा हुआ हैं। तहसीलदार ने कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। अब जिलाधिकारी स्तर से पूरे मामले पर कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी की मिलीभगत से फल फूल रहा धंधा !

बागेश्वर : अवैध तरीके से चल रहे एफएलटू के दो गोदामों के सीज होने के बाद कई सवाल पीछे छूट गए है। पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी फिलहाल कोई जवाब नहीं दे रही है। सवाल यह है कि पिछले पांच सालों से बिना पंजीकरण किसकी शह पर ये गोदाम मुख्यालय में चल रहे हैं। यहां भारी मात्रा में शराब कहां से आई और स्टाक रजिस्टर कहां है। जिम्मेदार आबकारी विभाग भी सवाल के जवाब अभी तक नहीं दे पाया हैं।

एफएलटू गोदाम की आड़ में तस्करी!

जिले में शराब की अवैध तरीके से तस्करी के मामले सामने आते रहते हैं। बीते वर्ष पुलिस ने मुख्यालय में ही बिना निकासी कागजों के एफएलटू से अवैध तरीके से लाई जा रही लाखों की शराब पकड़ी थी। अब सवाल यह है कि तस्करी के लिए इतनी बड़ी मात्रा में शराब आती कहां से है। कहीं अवैध तरीके से चल रहे इन्हीं एफएलटू गोदामों का प्रयोग तो तस्करी के लिए नहीं हो रहा। जवाब का इंतजार है, लेकिन लोग अब यही चर्चा करने लगे हैं।

सभी एफएलटू गोदामों के स्टाकों का हो निरीक्षण

वर्तमान में जिले में एफएलटू और बीटू के 12 वैध गोदाम चल रहे हैं। जहां प्रतिदिन लाखों की शराब आती है। स्टाक रजिस्टर मैंटेन का कार्य आबकारी करता है। लोगों का कहना है कि सभी गोदामों का निरीक्षण किया जाना चाहिए। ताकि पता चल सके की किन-किन गोदामों में कितनी शराब हैं।

दोनों गोदामों से शराब की 593 बोतलें बरामद हुई। आबकारी विभाग स्टाक रजिस्टर नहीं दिखा पाया। दोनों गोदाम सीज कर दिए गए हैं।

- नवाजिस खलीक, तहसीलदार, बागेश्वर

पूरे मामले पर कार्रवाई की जा रही है। एफएलटू गोदाम के संचालक को अवगत कराया गया हैं। गोदाम का पंजीकरण नहीं था।

- गोविद मेहता, जिला आबकारी अधिकारी, बागेश्वर

सूचना मिली थी कि बिना पंजीकरण गोदाम चल रहे हैं। इसकी जानकारी प्रशासन व आबकारी विभाग को दी गई। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

- अमित श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक, बागेश्वर

chat bot
आपका साथी