बागेश्वर में बारिश से भूस्खलन, 19 ग्रामीण सड़कें बंद

बागेश्वर जिले में बारिश जारी है। बारिश से 19 आंतरिक मार्ग आवागमन के लिए ठप हो गए हैं। लगातार भूस्खलन जारी है। जिले की एक सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर मलबा गिर गया हालांकि जनहानि नहीं हुई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 04:39 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 04:39 PM (IST)
बागेश्वर में बारिश से भूस्खलन, 19 ग्रामीण सड़कें बंद
बागेश्वर में बारिश से भूस्खलन, 19 ग्रामीण सड़कें बंद

--फोटो-18बीएजीपी-1,2,3,4,5,6--

- मालता में सस्ता गल्ला की दुकान के ऊपर गिरा चीड़ का पेड़

- नदियों का जलस्तर बढ़ने पर जिला प्रशासन ने किया अलर्ट

जागरण संवाददाता, बागेश्वर : जिले में झमाझम बारिश के कारण 19 ग्रामीण सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। कौसानी मोटर मार्ग पर पेड़ गिरने से सड़क लगभग तीन घंटे बंद रही। भूस्खलन और पेड़ गिरने से बिजली के पोलों को भारी नुकसान हुआ है। जिससे पूरे जिले की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। मालता में सस्ता गल्ला दुकान के ऊपर चीड़ का विशालकाय पेड़ गिरने से बड़ी घटना होने से बालबाल बच गई है। सरयू और गोमती का जलस्तर बढ़ गया है। नदी किनारे रहने वालों को जिला प्रशासन ने सावधान किया है।

जिले में शुक्रवार तड़के से लगातार बारिश हो रही है। खबर लिखे जाने तक बारिश जारी है। जिसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भूस्खलन होने लगा है। रास्ते और सड़कें आवागमन के लिए बंद हो गई हैं। बागेश्वर-दफौट मौटर मार्ग पर मालता गांव के समीप सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात घंटों बाधित रहा। जबकि कौसानी मोटर मार्ग पर शॉल फैक्ट्री के समीप भूस्खलन और पेड़ गिरने से सुबह लगभग तीन घंटे सड़क बंद रही। जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है। मालता गांव में सस्ता गल्ला विक्रेता चरण सिंह के मकान के ऊपर चीड़ का पेड़ गिर गया। गल्ले की दुकान के सटा एक कमरा आवासीय था। जिससे सस्ता गल्ला विक्रेता बालबाल बच गए हैं।

ऊर्जा निगम ने लिया शटडाउन

बागेश्वर : बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन व पेड़ गिरने से पोल व तारों को नुकसान हुआ है। जिसके कारण ऊर्जा निगम को शटडाउन लेना पड़ा। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति घंटों बाधित रही। अधिशासी अभियंता भास्कर पांडे ने बताया कि मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। नगर में आपूर्ति बहाल हो गई है।

18 ग्रामीण सड़कें यातायात के लिए बंद

मथुरो-पाटली-लखनी, धपोली-जेठाई, कौसानी-भतेड़िया, बालीघाट-धरमघर, सिमगढ़ी, सिरलोनी-लोहागढ़ी, जखेड़ा-डाकघट-लमचूला, ह्ववील-कुलवान, पंद्रहपाली-पुरकोट, पंद्रहपाली-हड़बाड़, बीनातोली-कुंझाली, रावतसेरा-मनाकभाड़ा, तोली, बघर, कपकोट-कर्मी, दणों-बदियाकोट, शामा-लीती-गोगिना, शामा-नौकुड़ी, धरमघर-माजखेत, धैना-लखनी आदि मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए हैं।

पुलिस के जवानों ने खोला मोटरमार्ग

संवाद सूत्र, गरुड़ : पुलिस के जवानों ने कौसानी-गरुड़-बैजनाथ मोटरमार्ग अवरुद्ध होते ही त्वरित कार्रवाई की और कड़ी मशक्कत के बाद आवागमन के लिए मोटरमार्ग को खोल दिया। कत्यूर घाटी में गुरुवार की रात से लगातार मूसलधार बारिश हो रही है। जिसके चलते शुक्रवार की सुबह कौसानी-गरुड़-बैजनाथ मोटरमार्ग पर चीड़ का विशालकाय पेड़ गिर गया और मोटरमार्ग अवरुद्ध हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों का आवगमन बंद हो गया।सूचना मिलते ही कौसानी की थानाध्यक्ष निधि शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और पुलिस के जवानों के साथ मार्ग खोलने में जुट गई। पुलिस के जवानों ने शीघ्र ही पेड़ों की टहनियां काटकर किनारे किया और जेसीबी से मोटरमार्ग पर आया मलबा हटाया।

जनपद में लगातार हो रही बारिश से मार्गों के अवरुद्ध होने की प्रबल संभावना है। लोगों को अति आवश्यक होने पर ही आवागमन करना चाहिए।

- अमित श्रीवास्तव, एसपी, बागेश्वर

नदियों का जलस्तर

सरयू - 865.70मीटर

गोमती - 862.75

अर्लामिग लेवल - 869.70 मीटर

डेंजर लेवल - 870.70 मीटर

बैजनाथ झील - 1113.10 मीटर बारिश का आंकड़ा

बागेश्वर - 27.50एमएम

गरुड़ - 68.00एमएम

कपकोट - 35.00एमएम

बारिश के कारण बंद सड़कों को खोलने में दिक्कत हो रही है। 19 जून को भारी बारिश के आसार बने हुए हैं। सभी को अलर्ट जारी किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर आपदा कंट्रोल रूम सात दिन और 24 घंटे काम कर रहा है।

- शिखा सुयाल, जिला आपदा अधिकारी, बागेश्वर।

chat bot
आपका साथी