शीघ्र खुलेगी कौसानी की बंद पड़ी चाय फैक्ट्री

विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कौसानी में ह साल से बंद पड़ी चाय फैक्ट्री के अब खुलने की उम्मीद बढ़ गयी है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 25 Nov 2020 10:35 PM (IST) Updated:Wed, 25 Nov 2020 10:35 PM (IST)
शीघ्र खुलेगी कौसानी की बंद पड़ी चाय फैक्ट्री
शीघ्र खुलेगी कौसानी की बंद पड़ी चाय फैक्ट्री

संवाद सूत्र, गरुड़ : विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कौसानी में ह साल से बंद पड़ी चाय फैक्ट्री के अब मुख्यमंत्री के सार्थक आश्वासन से खुलने की उम्मीद है। फैक्ट्री से जुड़े 50 कर्मचारी और करीब 2500 चाय बागान श्रमिकों को भी इससे रोजगार की आश जगी है।

राज्य गठन के बाद वर्ष 2002 में उत्तरांचल टी बोर्ड द्वारा कौसानी में चाय का उत्पादन शुरू किया गया था। तब यहां टी फैक्ट्री की स्थापना भी की गई। तब यहां के लोगों को लगा कि अब उन्हें बेरोजगारी से मुक्ति मिल जाएगी। 2014 तक सैकड़ों लोगों को बकायदा रोजगार भी मिला लेकिन अचानक 2014 में फैक्ट्री बंद होने से चाय उत्पादन से जुड़े सैकड़ों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया। चाय व्यवसाय से जुड़े सैकड़ों लोग बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। कौसानी में वर्ष 2014 से चाय फैक्ट्री बंद है। छह साल से पर्यटक भी कौसानी की चाय से महरूम हैं। तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री गरुड़ के दौरे पर आए, उन्होंने भी फैक्ट्री को शीघ्र खोलने की बात कहीं लेकिन आज तक फैक्ट्री नहीं खुल पाई। गत दिवस जनपद के दोनों विधायकों बलवंत सिंह भौर्याल व चंदन राम दास तथा भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और शीघ्र फैक्ट्री खोलने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने शिष्टमंडल को इस बार ठोस आश्वासन दिया है कि शीघ्र बंद पड़ी फैक्ट्री को खोला जाएगा। सीएम के आश्वासन से श्रमिकों को कौसानी की बंद पड़ी चाय फैक्ट्री खुलने की उम्मीद है। भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने देहरादून से दूरभाष पर बताया कि इस बार मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्हें ठोस आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो नए साल में कौसानी में चाय फैक्ट्री में उत्पादन शुरू हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी