मैंने नहीं कहा कि मैं कृष्ण का 11वां अवतार : बसंत

बागेश्वर में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत कुमार ने कहा कि उनकी छवि को खराब करनेकी कोशिश की जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 03 Dec 2020 11:07 PM (IST) Updated:Thu, 03 Dec 2020 11:07 PM (IST)
मैंने नहीं कहा कि मैं कृष्ण का 11वां अवतार : बसंत
मैंने नहीं कहा कि मैं कृष्ण का 11वां अवतार : बसंत

जागरण संवाददाता, बागेश्वर: आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत कुमार ने कहा कि उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने एक आडियो वायरल किया है, जिसमें उन्हें कृष्ण भगवान का 11वां अवतार कहते हुए एक व्यक्ति सुनाई दे रहा है, जबकि यह उनकी आवाज नहीं है, लेकिन उनकी जैसी आवाज बनाकर यह बोला गया है। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री को नोटिस भेज रहे हैं। 15 दिन के भीतर उनसे जवाब मांगा गया है। यदि वे सही उत्तर नहीं दे सके तो मानहानि का दवा पेश करेंगे।

गुरुवार को स्थानीय पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में आप के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के लोग उनकी छवि खराब करने में तुले हैं। उनके आम आदमी पार्टी में आने के बाद भाजपा और कांग्रेस में हड़कंप मचा हुआ है। उनके खिलाफ षडयंत्र रचे जा रहे हैं और जनता में भ्रम फैलाने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री और विधानसभा बागेश्वर के पूर्व प्रत्याशी ने उनकी निजता पर हमला करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जो आडियो वायरल हुआ है वह उनका नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने आप को भगवान कहता है यह अपराध की श्रेणी में नहीं आता है। अपराध तो आडियो वायरल कर उनकी छवि को खराब करने को किया गया है। उन्होंने कहा कि जनता जर्नादन इसका फैसला आगामी विधानसभा चुनाव में करेगी। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री को नोटिस जारी कर रहे हैं। यदि उन्होंने आडियो को सही साबित नहीं किया तो उनके खिलाफ वह मानहानि का केस दर्ज करेंगे।

..........

आडियो गलत हुआ तो राजनीति से लूंगा सन्यास : प्रदेश महामंत्री

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने कहा कि आडियो उन्होंने वायरल नहीं किया है, लेकिन आप के प्रदेश उपाध्यक्ष से उनकी बात हुई है। वायरल आडियो उनका ही है और आवाज भी उनकी है। किसी कार्यकर्ता ने उनके मोबाइल से इसे वायरल किया है। यदि यह आवाज उनकी नहीं होगी तो वे राजनीति सन्यास ले लेंगे।

chat bot
आपका साथी