कुकुड़ामाई के जंगलों में लगी आग

बागेश्वर के कुकुड़ामाई के जंगल जलने लगे हैं। जिससे चारों तरफ धुंआ फैला हुआ है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Apr 2021 11:13 PM (IST) Updated:Sat, 03 Apr 2021 11:13 PM (IST)
कुकुड़ामाई के जंगलों में लगी आग
कुकुड़ामाई के जंगलों में लगी आग

जागरण संवाददाता, बागेश्वर : अब कुकुड़ामाई के जंगल जलने लगे हैं। जिससे चारों तरफ धुंआ फैल गया है। जंगल में आग लगने से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत होने लगी है। वन्य जीवोंऔर पर्यावरण पर भी खतरा मंडराने लगा है। हालांकि वन विभाग की टीम आग पर काबू पाने के लिए दिनरात मेहनत कर रही है। अप्रैल माह में लगातार जंगल जलने लगे हैं। अराजक तत्व वनों को आग लगाने का काम कर रहे हैं। आग लगने से वातावरण पूरी तरह दूषित होने लगा है। इसके अलावा लोग आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत बताने लगे हैं। जिला अस्पताल में हर रोज इस तरह के मरीज आ रहे हैं। शनिवार की सुबह से कुकुड़ामाई के जंगलों में आग लगी हुई है। जंगलों में आग लगने के कारण चारों तरफ धुंआ होने से सूर्य की किरणें भी धरती पर नहीं पड़ रही हैं। जिससे सुबह-शाम ठंड महसूस हो रही है। वन पंचायत सरपंच संगठन के जिलाध्यक्ष पूरन सिंह रावल ने कहा कि आग लगाने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अधिकतर जंगलों को जला दिया गया है और कुछ जल रहे हैं। जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है। आग लगने से वनस्पति और पौधारोपण भी प्रभावित हो गया है।

इधर, डीएफओ बीएस शाही ने कहा कि जंगलों को आग लगाने वालों पर नजर रखी जा रही है। वन विभाग की टीम लगतार आग बुझा रही है। ------------ कांडा में आग लगाने वाले के खिलाफ मुकदमा संवाद सूत्र, कांडा: हुड़म धार के वनों को आग लगाने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ वन विभाग ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कांडा पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है। वन विभाग की कार्रवाई से अराजक तत्वों में हड़कंप मचा है। डीएफओ बीएस शाही ने कहा कि अब वनों को आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। ज्ञात हो हुड़मधार में गत एक अप्रैल को आग लग गई थी। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। रात लगभग साढ़े 11 बजे वन विभाग की टीम आग को काबू करने निकली। स्थानीय ग्रामीणों ने पूछताछ की गई। उन्होंने बताया पिथौरागढ़ के प्रकाश राम पुत्र धमेंद्र कुमार वर्तमान में सानिउडियार गांव में रहता है। वह रात को जंगल से निकला और उसने आग लगा दी। डीएफओ के निर्देश पर वन दारोगा कैलाश जोशी ने आरोपित के खिलाफ कांडा थाने में तहरीर दी और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीण दीपा देवी, शेखर कांडपाल, पूरन चंद्र, नंदकिशोर, नवीन चंद्र आदि ने कहा कि जंगलों को आग लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इधर डीएफओ बीएस शाही ने कहा आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।

--------

आग से जंगली जानवर गांवों में घुसे

संस, चौखुटिया : जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार को भी क्षेत्र के कई जंगल धू-धू कर जलते रहे। आग ने जंगल से सटे गांवों के वाशिंदों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। कई स्थानों पर तो ग्रामीणों ने सूखी घास व पिरूल को हटाकर आग को फैलने से रोका। कुछ स्थानों पर वन विभाग कर्मी आग को बुझाने में जुटे रहे, लेकिन तेज लपटों के चलते आग पर काबू पाना संभव नहीं हो पा रहा है। आग के चलते गेवाड़ घाटी में धुंध छाई है। सुबह यह समस्या और गहरा जा रही है।

बारिश न होने से इस बार जाड़े के सीजन से ही वनों में आग लगनी शुरू हो गई, जो लगातार बढ़ती जा रही है। कई स्थानों पर तो तीन बार आग लग चुकी है। ऐसे में वन संपदा राख हो गई है। जंगल आग से घिर जाने से जंगली जानवर भी परेशान हैं, जो गांवों के आसपास पहुंच गए है। जिन्हें कई स्थानों पर विचरण करते हुए देखा जा रहा है। इनमें हिरन भी शामिल हैं। बार बार आग लगने से स्रोतों पर जल स्तर भी कम होने लगा है।

chat bot
आपका साथी