बेटी को न्याय दिलाने के लिए थाने पर प्रदर्शन

नाचनी मुनस्यारी निवासी एक व्यक्ति ने बेटी की संदिग्ध हालात में हुई मौत को हत्या बताया। उन्होंने दो लोगों पर शक जताया है। पुलिस में तहरीर सौंपकर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 04:44 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 04:44 PM (IST)
बेटी को न्याय दिलाने के लिए थाने पर प्रदर्शन
बेटी को न्याय दिलाने के लिए थाने पर प्रदर्शन

संवाद सूत्र, कपकोट : नाचनी मुनस्यारी निवासी एक व्यक्ति ने बेटी की संदिग्ध हालात में हुई मौत को हत्या बताया। उन्होंने दो लोगों पर शक जताया है। पुलिस में तहरीर सौंपकर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हत्या की पुष्टि हुई है।

शनिवार को पड़किया नाचनी निवासी कुंदन सिंह स्वजनों के साथ कपकोट थाने में पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदर्शन किया। कपकोट पुलिस को दी तहरीर में कुंदन सिंह पुत्र विक्रम सिंह ने कहा है कि उसकी पुत्री नीमा का विवाह 30 अप्रैल 21 को चुचेर निवासी प्रकाश सिह कोरंगा पुत्र मान सिंह के साथ हुआ था। शादी के बाद नीमा ने अपनी मां को बताया कि गांव का ही रिश्तेदार जेठ उस पर गलत नजर रखता है और जोर जबरदस्ती करता है। बताया कि जेठ ने ससुर मान सिंह से बच्चों की सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर दो लाख रुपये लिए, जिसका नीमा ने विरोध किया तो वह रंजिश रखने लगा। पांच अक्टूबर को रात को चुचेर के प्रधान का फोन आया कि नीमा चट्टान से गिर गई है। जिस पर वह तुरंत गांव पहुंचे। छह अक्टूबर को घटनास्थल पहुंचे तो देखा कि पुत्री के मुंह से झाग निकल रहा था। बेटी को घटनास्थल से हटाया गया था। उसे संदेह है कि बेटी की हत्या उसके रिश्तेदार जेठ ने ही की है। कहा कि नीमा की सास ने बताया कि जब बेटी घास काटने जा रही थी तो जेठ बार-बार उसको देख रहा था। बेटी की सास ने जब जेठ से पूछा तो वह बोला बंदर भगा रहा है। पुलिस से न्याय की मांग की है। नीमा के पति प्रकाश का कहना है कि जब उसे पत्नी की मौत की सूचना मिली, तब वह काशीपुर ड्यूटी पर था। उसने मौके पर आने तक शव नहीं उठाने की बात की थी, लेकिन उसके आने तक शव उठा दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उसकी पत्नी की हत्या हुई है। दोषी को सजा जरूर मिलनी चाहिए। इधर, थानाध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि वह अभी सीएम कार्यक्रम में हैं। तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी।

chat bot
आपका साथी