कांग्रेस प्रदेश महामंत्री ने शुरू किया आमरण अनशन

बागेश्वर के घेटी में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 06 Jun 2021 10:34 PM (IST) Updated:Sun, 06 Jun 2021 10:34 PM (IST)
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री ने शुरू किया आमरण अनशन
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री ने शुरू किया आमरण अनशन

जासं, बागेश्वर : घेटी में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उन्होंने आपदा पीड़ित को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया है।

रविवार को कांग्रेस प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण घेटी स्थित आपदा प्रभावित गोविद कांडपाल के घर पहुंचे। वहां उन्होंने आमरण अनशन शुरू किया। आंदोलनकारी बालकृष्ण ने कहा कि शासन-प्रशासन को बार-बार अवगत कराने के बाद भी आपदा पीड़ित की सुनवाई नहीं हुई। जिस कारण उन्हें आमरण अनशन के लिए बाध्य होना पड़ा। भाजपा सरकार जब एक आपदा पीड़ित की मांगों पर कार्रवाई नहीं कर ही है तो इसी तरह और लोगों का क्या हाल होगा इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नही होती तब तक वह आमरण अनशन जारी रखेंगे।

आपदा पीड़ित गोविद कांडपाल ने बताया कि बीते वर्ष बरसात में आई आपदा से उनका मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। प्रशासन ने तब उन्हें पंचायत घर में शिफ्ट कर दिया। उन्हें किसी प्रकार की कोई राहत राशि नहीं मिली। वह तब से ही पंचायत घर में रह रहे थे। बीते कुछ समय पूर्व प्रशासन ने उनके पंचायत घर की लाइट काट दी। तब से वह अंधेरे में ही रह रहे हैं। रात के समय जंगली जानवरों का भय बना रहता है। डर के कारण वह शाम होते ही घर में दुबक जाते हैं। उनके पास इतने पैसे भी नहीं की वह अलग कनेक्शन लगा लें। सरकार लगातार उनकी अनदेखी कर रही है। आंदोलन स्थल पर कांग्रेस नेता के साथ पीड़ित परिवार भी मौजूद रहा।

उधर गरुड़ ब्लाक में पेयजल व सिचाई के लिए पानी की समस्या का समाधान को लेकर कांग्रेस प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने मोर्चा खोल लिया है। उन्होंने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द समस्या का समाधान नही हुआ तो आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा। रविवार को ब्लाक में पाये, दर्शानी, खडेरिया, भेटा, जिजोली, मन्यूड़ा, सिमार पचना, नौघर, माल्दे सिटोली, गढ़सेर, पुरड़ा आदि गांवों का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दौरा कर समस्याएं सुनीं। गांव के लोग पानी के लिए जूझ रहे है। माल्दे सिटोली, नौघर में तो तीन माह से पानी नही आ रहा है। गांव में धान की रोपाई का सीजन आ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि नहरों में पानी नही आ रहा है। हर साल ऐसा ही होता है। पानी के लिए हमेशा आंदोलन करना पड़ता है।

कई बार विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में बताया जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई आज तक नही हुई है। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने कहा कि शासन-प्रशासन लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह असफल साबित हो रहा है। लोगों को पानी भी नहीं मिल पा रहा है। सिचाई के लिए भी काश्तकार तरस रहे हैं। अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन को और तेज करेंगे। आंदोलन के अगले चरण में विभागों में तालाबंदी की जाएगी। इस मौके पर बहादुर सिंह बिष्ट, महेश पंत, अर्जुन देव, राजा पांडे, गौरव पाठक आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी