व्यापारी भी जिला पंचायत सदस्यों के समर्थन में उतरे

बागेश्वर में जिला पंचायत सदस्यों का धरना शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। जिला पंचायत सदस्यों के आंदोलन को व्यापार मंडल ने समर्थन दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 06:35 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 06:35 PM (IST)
व्यापारी भी जिला पंचायत सदस्यों के समर्थन में उतरे
व्यापारी भी जिला पंचायत सदस्यों के समर्थन में उतरे

जागरण संवाददाता, बागेश्वर : जिला पंचायत सदस्यों का धरना शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप लगाया गया। कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। शुक्रवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बबलू नेगी के साथ व्यापारियों ने आंदोलन स्थल पहुंचकर अपना समर्थन दिया।

जिला पंचायत परिसर पर धरने पर बैठे जिपं सदस्यों ने कहा कि अध्यक्ष की मनमानी के कारण गांवों के विकास कार्य अधूरे हैं। बजट आवंटन में भी गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिपं अध्यक्ष का विवेकाधीन 55 प्रतिशत तक चला गया है। जबकि शेष 45 प्रतिशत विकास कार्यों की धनराशि में भी उनका एक हिस्सा है। उन्होंने जोरदार नारेबाजी के साथ धरना-प्रदर्शन किया। कहा कि आंदोलन को चार दिन हो गए हैं। जिला पंचायत के एएमए और अध्यक्ष अब तक कार्यालय नहीं आए हैं। नाराज सदस्यों से बात तक नहीं की जा रही है। उनके इस रवैये के चलते जिले का विकास ठप हो गया है। अपने क्षेत्र से चुनकर आए प्रतिनिधियों की बात नहीं सुनी जा रही है। इस दौरान पूर्व जिपं अध्यक्ष व वर्तमान सदस्य हरीश ऐठानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार, सदस्य सुरेंद्र सिंह खेतवाल, गोपा धपोला, रूपा कोरंगा, इंद्रा परिहार, रेखा आर्य, वंदना ऐठानी, पूजा आर्य आदि मौजूद थे।

============

पद का दुरुपयोग कर रहे जिला पंचायत अध्यक्ष : प्रदीप

जासं, बागेश्वर: राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा ने जिला पंचायत में सदस्यों के चल रहे धरने को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के धन का उपयोग कैसे होगा, यह पंचायत एक्ट में साफ है। जिला पंचायत अध्यक्ष अपने पद का दुरुपयोग कर रहीं हैं। किसी भी निधि का उपयोग सभी सदस्यों की आम राय से होना चाहिए, स्व विवेक से नहीं। राज्यसभा सदस्य ने इस संबंध में कुमाऊं कमिश्नर से जांच कराने को कहा है।

chat bot
आपका साथी