अल्मोड़ा में बिखरी सांस्कृतिक छटा, वाहवाही लूटी

संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : कुमाऊं का प्रसिद्ध उत्तरायणी पर्व धूमधाम से मनाया गया। परंपरानुसार बच्चो

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jan 2019 05:59 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jan 2019 05:59 PM (IST)
अल्मोड़ा में बिखरी सांस्कृतिक छटा, वाहवाही लूटी
अल्मोड़ा में बिखरी सांस्कृतिक छटा, वाहवाही लूटी

संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : कुमाऊं का प्रसिद्ध उत्तरायणी पर्व धूमधाम से मनाया गया। परंपरानुसार बच्चों को घुघुते की माला पहनाई गई और बच्चों ने घुघुते व अन्य पकवान छतों पर रख जोर-जोर से आवाज देकर कौवों को पकवान की दावत पर आमंत्रित किया। घर-घर से बच्चों के मुखारबिंदु से सुबह 'काले कौआ काले, घुघुती माला खाले' का उद्घोष हुआ। इधर पालिका के बैनर तले यहां रैमजे इंटर कालेज प्रांगण में उत्तरायणी के उपलक्ष्य में शानदार सांस्कृतिक छटा बिखरी।

परंपरा अनुसार एक दिन पूर्व आटे के घुघुते बनाए जाते हैं, इसी के साथ डमरू व तलवार जैसी आकृतियां भी बनाई जाती हैं। सुबह इन्हें तेल में तल कर सुबह सबसे पहले कौओं के लिए रखा जाता है। संतरों व घुघुतों की माला बच्चों को पहनाने की परंपरा है। बच्चों ने सुबह उत्सुकता से यह माला पहनी और विविध पकवान खाए। ठण्ड के बावजूद सुबह छतों में खड़े होकर बच्चों ने घुघुते व अन्य पकवान परोस कर कौओं को आमंत्रित किया। घर-घर में यह परंपरा निभाई गई।

इधर रैमजे इंटर कालेज प्रांगण में नगरपालिका के तत्वावधान में उत्तरायणी पर्व के उपलक्ष्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूली बच्चों व अन्य कलाकारों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। एसएसबी जवानों की प्रस्तुति भी लोगों को खूब भायी। एसएसबी जवानों की टोली ने प्रसिद्ध कुमाऊंनी गीत 'बेड़ू पाको बारो मासा' पर कर्णप्रिय बैंड धुन बिखेरी। जिससे लोग मंत्रमुग्ध हो गए। किशोरी गृह की बालिकाओं ने 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' पर प्रेरक नाटक की शानदार प्रस्तुति दी। मानस पब्लिक स्कूल समेत अन्य विद्यालयों के बच्चों ने प्रस्तुतियां दी। इसके अलावा महिलाओं व बच्चों की कुर्सी दौड़ भी आकर्षण का केंद्र रही। देर शाम उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक गोविंद दिगारी व खुशी जोशी की शानदार प्रस्तुतियों का दौर शुरू हो गया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, राजेंद्र तिवारी, हेम चंद्र तिवारी, आशा रावत, कमल बिष्ट, जगमोहन बिष्ट, सीएल वर्मा, नवीन बिष्ट, जीसी तिवारी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी