अल्मोड़ा के जालली में रामलीला मंचन शुरू, रानीखेत में तैयारी तेज

रानीखेत जालली एवं द्वाराहाट विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में रामलीला मंचन से माहौल राममय हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 07 Nov 2021 05:48 PM (IST) Updated:Sun, 07 Nov 2021 05:48 PM (IST)
अल्मोड़ा के जालली में रामलीला मंचन शुरू, रानीखेत में तैयारी तेज
अल्मोड़ा के जालली में रामलीला मंचन शुरू, रानीखेत में तैयारी तेज

संस, रानीखेत/द्वाराहाट : विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में रामलीला मंचन से माहौल राममय हो गया है। जालली में भी मंचन का श्रीगणेश होने के बाद पर्यटन नगरी रानीखेत में नौ नवंबर से आयोजन की तैयारी तेज हो गई है। अबकी कोरोना व अन्य कारणों से ऐतिहासिक खड़ी बाजार में मंचन नहीं हो सका था। अब राज्य स्थापना दिवस से सीतापुर मैदान में रामलीला मंचन किया जा रहा है।

इधर, द्वाराहाट के जालली में जय गोरिया रामलीला कमेटी के तत्वावधान में मंचन का शुभारंभ विधायक महेश नेगी ने किया। उन्होंने श्रीराम के आदर्शो पर चलने का आह्वान किया। इससे पूर्व कमेटी के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। नन्हीं बालिकाओं की गणेश वंदना एवं गौरीपूजन के कोरस के साथ मंचन का विधिवत श्रीगणेश किया गया। पहली रात्रि नारद मोह, रावण और भाइयों की शिव स्तुति और वरदान मिलने के पश्चात रावण के अत्याचार आदि दृश्यों का मंचन हुआ। अपने अपमान का बदला लेने क्षीरसागर पहुंचे नारद के विष्णु और लक्ष्मी को श्राप देने, विष्णु ने जग कल्याण के लिए अयोध्या में शीघ्र जन्म लेने की घोषणा के बाद राजा दशरथ का पुत्रेष्टि यज्ञ और राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न के जन्म की कथा का मंचन हुआ। ठंड के बावजूद दर्शक देर रात्रि तक डटे रहे। मौके पर कमेटी अध्यक्ष बिशन सिंह बिष्ट, सचिव महिपाल सिंह किरौला, कुंदन बिष्ट, पूरन सिंह, हरीश पाडे, उमराव सिंह नेगी, गणेश जोशी, जनार्दन पाडे, भूपाल खाती, पंकज पाडे, प्रकाश नेगी, धर्मानंद फुलारा, उमेश भट्ट, सुरेंद्र संगेला, जगदीश बुधानी, मनोज उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

---

मेलगांव, दन्यां, खेती में रामलीला महोत्सव

संवाद सहयोगी, दन्यां : विकासखंड धौलादेवी अंतर्गत मेलगांव, दन्यां और खेती में रामलीला महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। रामलीला कमेटी मेलगांव के अध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि दीपावली के बाद रामलीला महोत्सव किया जा रहा है। इधर, दन्यां में रामलीला कमेटी के डीके जोशी, खेती में प्रकाश पाठक और शेखर पांडे ने बताया कि गत वर्ष कोरोना महामारी के चलते आयोजन नहीं हो पाया था। इस बार 10 दिवसीय महोत्सव के आयोजन के लिए युवाओं में खासा जोश है। तीनों स्थानों पर एक साथ आरंभ हुई रामलीला के प्रथम दिन राम जन्म तक के दृश्यों का मंचन किया गया। ठंड होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों लोग रामलीला देखने पहुंचे। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने लोगों से अधिक संख्या में रामलीला देखने आने की अपील की है।

chat bot
आपका साथी