अल्मोड़ा में झमाझम बारिश से फिर लौटी ठंड

अल्मोड़ा जिले में मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 04:12 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 04:12 PM (IST)
अल्मोड़ा में झमाझम बारिश से फिर लौटी ठंड
अल्मोड़ा में झमाझम बारिश से फिर लौटी ठंड

संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : जिले में मौसम अलग-अलग रंग दिखा रहा है। शुक्रवार को आसमान बादलों से भरा रहा। अपराह्न झमाझम बारिश हुई। इससे पहाड़ में ठंड एक बार फिर लौट आई है। विगत दिवस के मुकाबले अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बारिश संग हवा चलने से गरम कपड़े फिर निकल आए हैं। वहीं हवालबाग के पास हवा के झोंके से सड़क किनारे से लगा पेड़ धराशायी हो गया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।

पहाड़ का मौसम कब करवट बदल ले, कहा नहीं जा सकता। गुरुवार को मौसम साफ रहने के बाद शुक्रवार को इसने फिर करवट बदल ली। सुबह सूर्योदय आंशिक बादलों के बीच हुआ। पूर्वाह्न बाद आसमान पर बादलों का जमावड़ा शुरू हो गया। अपराह्न एक बजे तो पूरा आसमान बादलों से पट गया। साथ ही हवा संग बारिश हुई। बता दें कि यहां पिछले 14 अप्रैल को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से हो रही बारिश से अधिकतम तापमान लुढ़ककर 16 डिग्री सेल्सियस पर आ पहुंचा है। इधर, विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डा. बृजमोहन पांडे ने इस बारिश को शाक-भाजी उत्पादन के लिए लाभकारी बताया है। इधर, मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह ने इस बारिश को आगामी खरीफ फसल की बोवाई के लिए लाभकारी बताया है। इससे खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी और बीजों का अंकुरण जल्द होगा।

-----------

कहां कितनी हुई बारिश

अल्मोड़ा- 10

रानीखेत -1

सोमेश्वर- 3

चौखुटिया- 3

भिकियासैंण- 1

सल्ट-15

जागेश्वर-2.5

भैसियाछाना-6

शीतलाखेत-3

नोट- आंकड़े मिलीमीटर में दर्ज हैं।

chat bot
आपका साथी