अल्मोड़ा में बलिदानी सपूतों की याद में आयोजित हुए कार्यक्रम

कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) पर हल्की फुहार के बीच बलिदानी सूपतों को अल्मोड़ा में याद किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 06:04 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 06:04 PM (IST)
अल्मोड़ा में बलिदानी सपूतों की याद में आयोजित हुए कार्यक्रम
अल्मोड़ा में बलिदानी सपूतों की याद में आयोजित हुए कार्यक्रम

संस, अल्मोड़ा : कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) पर हल्की फुहार के बीच बलिदानी सूपतों को नमन किया गया। छावनी क्षेत्र स्थित शहीद स्मारक पर भारतीय सेना के जांबाजों को श्रद्धांजलि दी गई। पुष्प चक्र अर्पित किए गए। गैरीसन की सैन्य टुकड़ी मां भारती के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले रणबांकुरों के सम्मान में सलामी दी। वीर सपूतों की वीरांगनाओं को भी सम्मानित किया गया।

सोमवार को शहीद स्मारक पर बलिदानी सूपतों की याद में जैसे आसमान भी रो पड़ा। बूंदाबादी के बीच दो मिनट का मौन रख शहीद जांबाजों को याद किया गया। कारगिल युद्ध के शहीद नायक (सेना मेडल) हरीबहादुर घले की वीरांगना सरस्वती माया घले तथा शहीद लांस नायक हरीश देवड़ी की वीरांगना सावित्री देवी को विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने सम्मानित किया। उन्होंने भारतीय सेना के अदम्य साहस व शौर्य गाथा को नमन किया। कहा कि देवभूमि में सैनिकों की वीरता, बलिदान व मां भारती के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। उत्तराखंड के वीर सपूतों ने देश की आंतरिक व बाह्य सुरक्षा के लिए शुरू से ही अतुलनीय योगदान दिया है। कारगिल युद्ध में वीर सैनिकों का बलिदान राष्ट्र हमेशा याद रखेगा। उन्होंने युवाओं से जांबाज सैनिकों से समर्पण, देशसेवा, मां भारती की सुरक्षा को तत्पर रहने का आह्वान किया।

सीडीओ नवनीत पांडे, एसएसपी पंकज भट्ट, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, गैरीसन अल्मोड़ा के मेजर सन्नी बग्गा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (अवकाश प्राप्त) योगेंद्र कुमार, पूर्व सैनिक लीग अध्यक्ष कैप्टन दीपक टम्टा, सफाई निरीक्षक छावनी परिषद राजेश बिष्ट, कैलाश गुरुरानी, मनोज साह, डा. जेसी दुर्गापाल आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी