हत्या के दो आरोपितों को पुलिस ने दबोचा

संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : करीब पांच महीने पहले भैंसियाछाना ब्लॉक के नैनी पेटशाल में एक

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Nov 2018 10:20 PM (IST) Updated:Tue, 13 Nov 2018 10:20 PM (IST)
हत्या के दो आरोपितों को पुलिस ने दबोचा
हत्या के दो आरोपितों को पुलिस ने दबोचा

संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : करीब पांच महीने पहले भैंसियाछाना ब्लॉक के नैनी पेटशाल में एक बुजुर्ग की हत्या के दो आरोपियों को पुलिस ने काठगोदाम से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अभियुक्त वारदात के बाद से फरार चल रहे थे।

भैंसियाछाना ब्लॉक के साठ वर्षीय दीवान सिंह नेगी पुत्र शोबन सिंह नेगी वन विभाग में कार्यरत थे। बीते फरवरी माह में वह विभाग से सेवानिवृत्त हो गए थे। छह जून 2018 को वह बैंक से पैसे लेने के लिए घर से निकले और देर शाम तक घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने खोजबीन की तो दीवान सिंह का शव गांव आने वाले रास्ते में पड़ा हुआ था। परिजन शव को लेकर घर आ गए और राजस्व उपनिरीक्षक पेटशाल मेहसरजहां को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले की विवेचना बाद में राजस्व पुलिस ने रेगुलर पुलिस को सौंप दी थी। इस मामले में पुलिस टीम थानाध्यक्ष दन्या अजय लाल साह के नेतृत्व में लगातार आरोपितों का सुराग खंगाल रही थी। सोमवार को पुलिस टीम के उप निरीक्षक हितेश चौंसाली, कांस्टेबल दीपक खनका, भूपेंद्र सिंह और राजेश भट्ट को इस मामले में सफलता मिली और उन्होंने हत्या में लिप्त नितेश लोहनी पुत्र माधवानंद लोहनी निवासी पंचायत घर बैड़ापोखरी हल्द्वानी और सागर चौहान पुत्र रूप सिंह निवासी ग्राम बड़ल चौमू, डीडीहाट को काठगोदाम से गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी पी रेणुका देवी ने इस सफलता पर पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

chat bot
आपका साथी