रसोई में फटा सिलेंडर, हड़कंप

संवाद सहयोगी ताडी़खेत (रानीखेत) ब्लॉक के निकटवर्ती गांव थापला में रसोई गैस सिलेंडर फटने स

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Oct 2019 10:41 PM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 10:41 PM (IST)
रसोई में फटा सिलेंडर, हड़कंप
रसोई में फटा सिलेंडर, हड़कंप

संवाद सहयोगी, ताडी़खेत (रानीखेत): ब्लॉक के निकटवर्ती गांव थापला में रसोई गैस सिलेंडर फटने से हड़कंप मच गया। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ग्रामीण का मकान आग से खाक हो गया। यहीं नहीं आग की लपटों ने पड़ोस के मकान को भी जद में ले लिया।

ब्लॉक के थापला गाव में बुजुर्ग जीवन रावत अपनी पत्‍‌नी रमा के साथ रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रमा देवी चाय बनाने के लिए रसोई में पहुंची। जैसे ही गैस जलाया सिलेंडर ने आग पकड़ी ली। रमा चिल्लाती हुई घर से बाहर निकली और शोर मचाया। हो हल्ला सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े। दंपती को सुरक्षित घर से बाहर निकाला। इसी बीच आग से घिरा सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। इससे ऊपरी मंजिला में पड़ा टिन सेड उड़ गया। आग ने विकराल स्प ले लिया।

=============

युवाओं की तत्परता से टली बड़ी घटना

सिलेंडर फटने की आवाज सुन गांव के अन्य लोग भी घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। युवाओं ने तत्परता से दंपति को बाहर निकाला। आग की लपटे इतनी तेज थी कि उसने पड़ोस में रह रहे सुंदर सिंह बिष्ट के मकान को भी अपनी जद में ले लिया। हालांकि युवाओं ने मशक्कत कर सुंदर सिंह के मकान को बचा लिया।

=============

आग से हुए नुकसान का जायजा नहीं

आग की घटना की सूचना राजस्व उपनिरीक्षक को बताने के घंटे भर बाद भी कोई नहीं पहुंचा। जिस कारण आग से हुए नुकसान का अनुमान नहीं लग सका। इधर गृह स्वामी जीवन सिंह ने बताया कि घर के अंदर रखे कपड़े, रजाई गद्दे समेत अन्य सामान जलकर खाक हो चुका है।

===============

ग्रामीणों ने की मुआवजा दिए जाने की मांग

घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीण कुंदन सिंह, ग्राम प्रहरी हर सिंह, भगवत सिंह, दीपक सिंह, देवेंद्र सिंह, धन सिंह व नरेंद्र सिंह आदि ने तत्परता दिखाते हुए घर का अन्य सामान समेत पड़ोस में रहने वाले सुंदर सिंह के मकान को भी बचा लिया। उन्होंने घटना के घंटे भर बाद भी राजस्व पुलिस के न पहुंचने पर नाराजगी जताई। साथ ही प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।

===========

'घटना की सूचना मिली है। टीम के साथ स्वयं घटना स्थल की ओर जा रहे हैं। नुकसान का जायजा लेकर प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। जो संभव होगा ग्रामीण की मदद की जाएगी।

- हेमंत मेहरा, नायब तहसीलदार'

chat bot
आपका साथी