अग्निकाड प्रभावितों को मुआवजा न मिलने पर कुंजवाल नाराज

वनाग्नि की लपटों से घिरे सैनोली व गणाऊं गांव के बाशिंदों ने विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल के समक्ष विभागीय उपेक्षा का मुद्दा जोरशोर से उठाया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 09 Mar 2021 11:29 PM (IST) Updated:Tue, 09 Mar 2021 11:29 PM (IST)
अग्निकाड प्रभावितों को मुआवजा न मिलने पर कुंजवाल नाराज
अग्निकाड प्रभावितों को मुआवजा न मिलने पर कुंजवाल नाराज

संस, अल्मोड़ा : हाल ही में वनाग्नि की लपटों से घिरे सैनोली व गणाऊं गांव के बाशिंदों ने विधायक जागेश्वर गोविंद सिंह कुंजवाल के समक्ष विभागीय उपेक्षा का मुद्दा जोरशोर से उठाया। व्यापक क्षति के बावजूद पशुपालन विभाग की ओर से अब तक प्रभावित गरीब परिवारों को मुआवजा न दिए जाने की शिकायत पर विधायक खासे नाराज हुए। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को हरसंभव मदद दिलाई जाएगी।

विधायक कुंजवाल ने मंगलवार को सैनोली व गणाऊं गावों का दौरा कर हालिया वनाग्नि से हुई क्षति का जायजा लिया। बीते माह दोनों गांवों में बड़ी क्षति हुई थी। विधायक कुंजवाल मंगलवार को गणाऊं गांव की प्रभावित हेमा देवी से मिले। अग्निकांड में गरीब महिला की गोशाल जलने से दुधारु भैंस मारी गई थी। बाद में सैनोली गाव की प्रभावित गंगा देवी व रेबुली देवी से मिलकर क्षति का जायजा लिया। उन्होंने आग से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि हरसंभव मदद दिलाई जाएगी।

उन्हें बताया गया कि सैनोली गांव में 20 परिवारों ने दिन रात मेहनत कर मवेशियों का पेट भरने के लिए घास का स्टाक किया था। आग से सब राख हो गया। जैंती के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने तय किया कि मिलजुल कर प्रभावित परिवारों के लिए सहायता के हाथ बढ़ाए जाएंगे। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष गिरीश जोशी, न्याय पंचायत अध्यक्ष पान सिंह बर्गली, जिला पंचायत प्रतिनिधि नवीन कोहली, जीत सिंह धानक, प्रदीप बिष्ट, कुंवर सिंह नेगी रवि नेगी, प्रकाश राम आर्या, प्रताप राम, हरीश नेगी, चंदन बोहरा, राम सिंह, मोहन सिंह, गोपाल सिंह, देवेंद्र मेहरा, राजीव प्रसाद, प्रकाश बिष्ट आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी