कुमाऊं की बारदोली खुमाड़ में शहीदों की याद में उमड़ा रेला

कुमाऊं की बारदोली खुमाड़ में आजादी के लिए शहादत देने वाले क्रांतिकारियों को नमन करने लोग उमउ़ पड़े।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Sep 2021 10:47 PM (IST) Updated:Sun, 05 Sep 2021 10:47 PM (IST)
कुमाऊं की बारदोली खुमाड़ में शहीदों की याद में उमड़ा रेला
कुमाऊं की बारदोली खुमाड़ में शहीदों की याद में उमड़ा रेला

संस, मानिला (अल्मोड़ा): कुमाऊं की बारदोली खुमाड़ में आजादी के लिए शहादत देने वाले क्रांतिकारियों को नमन् करने रेला उमड़ पड़ा। स्वतंत्रता सेनानियों को बलिदान को याद कर उनके सपनों के राष्ट्र निर्माण का संकल्प दोहराया गया। सत्तापक्ष व विपक्ष ने बारी बारी शहीद स्मारक पर ब्रितानी हुकूमत के खिलाफ झंडा बुलंद कर प्राणों की आहुति देने वाले क्रांतिवीरों को पुष्प अर्पित किए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मोबाइल के जरिये संबोधित कर खुमाड़ क्रांति के शहीदों को याद किया।

आजादी की जंग में खुमाड़ की क्रांति ने ब्रितानी हुकूमत की चूलें हिला कर रख दी थी। आज ही के दिन पांच सितंबर 1942 को ब्रितानी सैनिकों से लोहा लेते क्रांतिकारी खीमानंद, गंगाराम, बहादुर सिंह, चूड़ामणि समेत तमाम स्वतंत्रता सेनानी गोली लगने से शहीद हो गए थे। सल्ट की माटी के नायकों की देशभक्ति के कायल राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने खुमाड़ को कुमाऊं की बारदोली नाम दिया था। तभी से इस वीरभूमि पर शहीदों की याद में हर वर्ष मेला लगता आ रहा है।

==========

शहीद दिवस पर जीआइसी खुमाड़ में भाजपा के कार्यक्रम में सीएम धामी ने शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। स्वतंत्रता सेनानियों के देशप्रेम, बलिदान को याद कर उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। विधायक महेश सिंह जीना ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्श व विचारों को अपना कर ही सशक्त राष्ट्र बनाया जा सकता है। रंगारंग कार्यक्रम भी हुए।

============

इन्होंने दी श्रद्धांजलि

विधायक महेश सिंह जीना, उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी, ब्लॉक प्रमुख विक्रम सिंह रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री गंगा पंचोली, आम आदमी पार्टी के कर्नल अजय कोठियाल, डा. यशपाल रावत, महेश्वर मेहरा, विक्त्रम बिष्ट, पूर्व ब्लाक प्रमुख मुन्नी आर्या, ज्येष्ठ प्रमुख पुष्पा भट्ट, नारायण सिंह रावत, ब्लाक अध्यक्ष संजय रावत, स्मारक समिति के सदस्य मदन भंडारी, सोबन बोरा, मनोहर उपाध्याय, गोपाल दत्त खर्कवाल, प्रधान लीला देवी, राजकुमार पाडेय,तहसीलदार विवेक राजौरी, बीडीओ देवेंद्र तड़ागी आदि ने पुष्प अर्पित किए।

==========

शशिखाल में लगा रक्तदान शिविर

शहीद दिवस पर शशिखाल में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री गंगा पंचोली की अगुआई में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें कांग्रेसियों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। गंगा पंचोली ने शहीदों को नमन् करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की बदौलत ही हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

==========

नहीं पहुंचे राज्य सरकार के मंत्री, विपक्ष ने साधा निशाना

मानिला: शहीद दिवस पर सियासी मैदान भी सजा। सत्तारूढ़ भाजपा ने जीआइसी खुमाड़ में मंच बनाया तो उत्तराखंड में पहली बार खब ठोक रही आम आदमी पार्टी ने शशिखाल में मंच सजाया। सीएम के साथ ही राज्य सरकार का कोई मंत्री खुमाड़ न पहुंचने पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री गंगा पंचोली ने निशाना साधा। कहा कि यह पहला मौका है जब सल्ट की वीरभूमि से सरकार ने किनारा किया। तंज कसा कि सीएम को तो आना ही चाहिए था। वहीं कांग्रेस के पूर्व विधायक रणजीत रावत भी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। अलबत्ता उनके ब्लॉक प्रमुख पुत्र विक्रम रावत जरूर पहुंचे मगर समर्थकों से दूरी बनाए रहे।

=========== ===========

chat bot
आपका साथी