सरकार हर आपदा प्रभावित के साथ : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने हीराडुंगरी और सिराड़ पहुंचे। उन्होंने प्रभावितों की हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 06:14 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 06:46 PM (IST)
सरकार हर आपदा प्रभावित के साथ : धामी
सरकार हर आपदा प्रभावित के साथ : धामी

जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने हीराडुंगरी और सिराड़ पहुंचे। उन्होंने प्रभावितों की हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही अधिकारियों को आपदा राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने व हालात को सामान्य करने के निर्देश दिए।

शनिवार की दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यालय पहुंचे। जहां से वह सबसे पहले हीराडुंगरी में आपदा प्रभावित त्रिलोक सिंह के परिवार के पास पहुंचे। त्रिलोक सिंह की बेटी अरुमा सिंह आपदा की भेंट चढ़ गई थी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। लोगों ने रास्ते, सड़क आदि की समस्या के बारे में उन्हें बताया। इसके बाद सीएम सिराड़ गांव पहुंचे। जहां उन्होंने आपदा पीड़ित चंदन सिंह से मुलाकात की। चंदन सिंह की पत्नी लीला देवी की मलबे में दबने से मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि आपदा के इस कठिन समय में सरकार आपके साथ है। कोई भी समस्या होगी उसका समाधान किया जाएगा।

इस दौरान सांसद अजय टम्टा, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ चौहान, रवि रौतेला, कैलाश गुरुरानी, प्रकाश बिष्ट, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एसएसपी पंकज भट्ट सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

जल्द सामान्य हो जाएंगे हालात

सीएम ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आपदा राहत कार्य तेजी से चलाए जा रहे है। आपदा से हुई क्षति के बाद पुनर्निर्माण के कार्य भी शुरू हो गए हैं। जल्द ही हालात सामान्य हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़कों को खोलना प्राथमिकता है। जिस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पीड़ितों को सरकार की ओर से मिलने वाली राहत राशि तत्काल दी जा रही है। सड़कों को प्राथमिकता से खुलवाएं डीएम

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी वंदना को जल्द हालात सामान्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों को प्राथमिकता के साथ खोला जाए। पीड़ितों को जल्द से जल्द मुआवजा व राहत राशि दी जाए। राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री से दुखड़ा नहीं कह पाई रेखा

अल्मोड़ा : अपनी 15 वर्षीय बेटी को आपदा में खो चुकी रेखा सिंह सीएम के सामने अपना दुखड़ा नहीं कह पाई। उसने कहा कि उसके पास घर ठीक करने तक को धन नहीं है। अगर उसे छोटी-मोटी नौकरी मिल जाए तो उसका गुजारा चल जाएगा। भीड़ अधिक होने के कारण वह सीएम को अपना दुखड़ा नहीं कह पाई। पालिका की मदद करे सरकार

नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने मुख्यमंत्री धामी को नगर की समस्याएं बताई। उन्होंने कहा कि आपदा से पालिका को तीन करोड़ का नुकसान हो गया है। सरकार की ओर से अगर राहत राशि मिलती है तो पुनर्निर्माण के कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने सीएम को आपदा से हुए नुकसान के बारे में भी बताया।

सात नवंबर तक गढ्डा मुक्त हो जाएं सड़कें

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मोटर मार्ग वाली संस्थाओं से सात नवंबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित जिन लोगों को विस्थापन किया जाना है, तत्काल किया जाए। अगर किसी प्रकार के उपकरण आदि की जरूरत है तो उसे तत्काल खरीदे जाएं।

chat bot
आपका साथी