पांच लाख प्रतिदिन की आय 35 हजार में थमी

परिवहन निगम के अल्मोड़ा डिपो की आय पांच लाख रुपये से घटकर मात्र 35 हजार रुपये रह गई है। शासन के 100 फीसद यात्री क्षमता करने के बाद भी डिपो की आय नहीं बढ़ रही है। आय न होने से निगम कर्मियों के वेतन का संकट भी खड़ा हो रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 06:17 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 06:17 PM (IST)
पांच लाख प्रतिदिन की आय 35 हजार में थमी
पांच लाख प्रतिदिन की आय 35 हजार में थमी

संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : शासन के 100 फीसद यात्री क्षमता के बाद भी रोडवेज बसों को यात्री नहीं मिल रहे हैं। इसका सीधा असर उत्तराखंड परिवहन निगम की प्रतिदिन की आय पर पड़ रहा है। डिपो में 47 बसों का बेड़ा है। प्रतिदिन 19 बस सेवाओं का शेड्यूल अल्मोड़ा डिपो से निर्धारित है। यात्री नहीं मिलने से डिपो से हर रोज बसें स्थगित हो रही हैं। कोरोना काल से पूर्व डिपो की प्रतिदिन की आय जहां पांच लाख थी। वहीं इन दिनों अब यह सिमट कर मात्र 35 हजार रह गई है।

उत्तराखंड परिवहन निगम के अल्मोड़ा डिपो से पर्वतीय क्षेत्रों के आंतरिक मार्गों समेत मैदानी क्षेत्रों को प्रतिदिन 19 सेवाओं का संचालन निर्धारित है। वर्तमान में कोरोनाकाल के कारण रोडवेज को यात्री ढूंढे नहीं मिलने से हर रोज बसें स्थगित हो रही है। मंगलवार को रोडवेज की 19 सेवाओं में से मात्र छह सेवाएं, जिसमें तीन हल्द्वानी, बागेश्वर, मासी तथा टनकपुर के लिए एक-एक सेवा का ही संचालन हो सका। इनमें भी सीमित संख्या में ही यात्री गंतव्य को रवाना हुए। वहीं दिल्ली, चंडीगढ़, लखनऊ सेवाओं के लिए उत्तर प्रदेश की ओर से अनुमति नहीं मिलने से इन रूटों की सेवाएं एक माह से भी अधिक समय से ठप पड़ी हैं। इससे रोडवेज कर्मचारियों के वेतन पर भी संकट मंडरा रहा है।

यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिले, इसके लिए परिवहन निगम लगातार प्रयासरत है। ज्यादा से ज्यादा सेवाएं शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इन दिनों यात्रियों की उपलब्धता नहीं होने से बसें स्थगित करनी पड़ रही हैं।

- उमेश चंद्र भट्ट, प्रभारी वरिष्ठ स्टेशन इंचार्ज

chat bot
आपका साथी