पशुबलि को लाए दो बकरे वापस लौटाए

अल्मोड़ा में गायत्री परिवार के प्रयास से पशुबलि को लाए दो बकरे को लौटाया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 04:25 PM (IST) Updated:Wed, 21 Oct 2020 01:28 AM (IST)
पशुबलि को लाए दो बकरे वापस लौटाए
पशुबलि को लाए दो बकरे वापस लौटाए

अल्मोड़ा : गायत्री परिवार की ओर से नवरात्र में पशुबलि उन्मूलन को जनजागरण अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। गायत्री परिजनों ने चितई गोलू देवता मंदिर में पूजा को पहुंचे लोगों के बीच जनजागरण किया। मंगलवार को दो गांवों से लोग बलि को दो बकरे लाए थे। जनजागरण के तहत गायत्री परिजनों ने उन्हें मंदिरों में पशुबलि पर पूर्ण रोक संबंधी उच्च न्यायालय के आदेशों की जानकारी दी। साथ ही मनौती मांगने के लिए फल, फूल, नारियल आदि द्वारा ही सात्विक पूजा करने की अपील की। इस पर ग्राम चौसली के त्रिलोक सिंह तथा पहाड़पानी के हरी दत्त पशुबलि को लाए गए बकरों को वापस ले गए। साथ ही अब अपने क्षेत्र के आसपास के लोगों को भी पशु बलि उन्मूलन के लिए जागरूक करने की बात कही। गायत्री परिजनों ने सभी श्रद्धालुओं से कहा कि डाना गोलू, चितई गोलू देवता तथा गंगनाथ मंदिर लोगों की अपार आस्था के केंद्र हैं, इसलिए लोगों से इनकी साफ सफाई पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। जनजागरण अभियान में भीम सिंह अधिकारी, मंजू जोशी, निर्मला अधिकारी, नीलम नेगी, हरीश बिष्ट, अर्जुन नेगी आदि शामिल रहे।

.....

मंदिरों में बह रही है भजन-कीर्तनों की रसधार

संस, चौखुटिया: शारदीय नवरात्र के दौरान क्षेत्र के तमाम देवी मंदिरों में चहल-पहल बनी है। स्थान स्थान पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ साथ अन्य धार्मिक आयोजनों का क्रम जारी है। कई मंदिरों में देर सायं तक भजन-कीर्तनों की रसधार बह रही है। मंगलवार को तीसरे दिन भी श्रद्धालुओं ने मां के निमित व्रत रखकर देवी मंदिरों में शीश नवाया तथा परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मां से मन्नतें मांगी। बाजार के समीप श्रीरतनेश्वर महादेव मंदिर में दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम मची है। सुबह मंदिर में पूजा-पाठ संपन्न हुआ तथा बाद में मां दुर्गा की आरती उतारी गई। प्रसाद वितरण किया गया। शाम को मधुर भजन-कीर्तनों की प्रस्तुति ने रंग जमाया। श्रीलखनेश्वरी धाम खज्यूरां में दूर दूर से लोग पहुंचे तथा मां के दर्शन किए।

chat bot
आपका साथी