सत्ता में आने पर पलट देंगे भाजपा की उद्यान विरोधी नीतियां : हरदा

कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उद्यान निदेशालय चौबटिया की समेत पूरे राज्य की धरोहर है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 12:53 AM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 12:53 AM (IST)
सत्ता में आने पर पलट देंगे भाजपा की उद्यान विरोधी नीतियां : हरदा
सत्ता में आने पर पलट देंगे भाजपा की उद्यान विरोधी नीतियां : हरदा

संवाद सहयोगी, रानीखेत (अल्मोड़ा) : कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उद्यान निदेशालय चौबटिया पूरे राज्य के साथ उत्तराखंडियत की बड़ी धरोहर है। अंग्रेजों के दौर में यह अस्तित्व में आया। देश दुनिया में इसकी अलग पहचान है। कुमाऊं रेजिमेंट मुख्यालय आदि की तरह चौबटिया निदेशालय व गार्डन रानीखेत की शान है। साफ किया कि पहाड़ के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। सत्ता में आए तो भाजपा सरकार के ये सभी जनविरोधी फैसले पलट दिए जाएंगे।

गैरसैंण से लौटते वक्त पूर्व सीएम हरीश रावत यहां पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मिले। उद्यान निदेशालय के मसले पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासनकाल में भी ऐसा ही एक प्रस्ताव दिया गया था। तब हमने (तत्कालीन कांग्रेस सरकार) ने उसका जवाब 27 करोड़ रुपये खर्च कर निदेशालय के पुराने भवन का जीर्णोद्धार कर दिया था। पहाड़ में बागवानी विकास की और भी कई योजनाएं शुरू की थीं। अब उत्तराखंड के रूप में हमें छोटा राज्य मिल चुका है। धारणा और जरूरत है कि विरासत में मिली धरोहरों को सहेज कर समेकित विकास किया जाय। बागवानी व इससे जुड़े किसानों को प्रोत्साहित कर उनकी बेहतरी को काम किया जाय। ऐसे में चौबटिया उद्यान निदेशालय को शिफ्ट करना का कोई औचित्य ही नहीं। इसे रानीखेत से स्थानांतरित करने का सीधा सा मतलब है कि यहां बागवानी विकास के महत्व को नकार देना। हरदा ने आगे कहा कि कृषि व उद्यान विभाग के एकीकरण का कांग्रेस पुरजोर विरोध करती आ रही है। सत्ता में आए तो भाजपा सरकार की उद्यान विरोधी नीति को ही पलट देंगे।

==========

जो भी सेनापति बनेगा, साथ रहेंगे

पूर्व मुख्यमंत्री हरदा पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ा गए। 2022 के चुनाव के लिए सेनापति की घोषणा को वक्त की जरूरत बताते हुए दोहराया कि पार्टी हाईकमान जिसे भी सेनापति बनाएगी, सब मिलकर कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाने को ताकत लगाएंगे। इस मौके पर उपनेता प्रतिपक्ष करन सिंह माहरा, ब्लाक प्रमुख हीरा सिंह रावत, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, गोविंद सिंह बिष्ट, हेमंत सिंह बिष्ट, अजय बबली, अगस्त लाल साह, प्रदीप माहरा, हेमंत रौतेला, विनय तिवारी, कमलेश बौरा आदि मौजूद रहे।

==========

स्पष्ट बहुमत से लौटेंगे सत्ता में

सोमश्वर : इधर देर शाम पूर्व सीएम हरीश रावत नगर पहुंचे। कांग्रेसियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन 2022 के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया। राज्य सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया। कहा कि उन्होंने सीएम रहते क्षेत्र में महिला बेस अस्पताल की घोषणा की थी। मगर सरकार ने सभी योजनाएं रोक दी हैं। दावा किया कि 2022 में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष किशोर नयाल, पूर्व दर्जा राज्मंत्री कृष्णा सिंह बिष्ट, युकां नगर अध्यक्ष दिनेश नेगी, बालम सिंह भाकुनी, भुवन दौसाद, सुरेश बौरा, प्रकाश बिष्ट, प्रकाश खाती, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।

==========

=========

chat bot
आपका साथी