बनारस कांग्रेस में चुना जाएगा युवा चेहरा, प्रियंका गांधी की लिस्ट में एक दर्जन से अधिक के नाम हैं दर्ज

मिशन 2022 के मद्देनजर कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने संगठन के गठन का कार्य तेज कर दिया है।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 02:27 PM (IST) Updated:Thu, 17 Oct 2019 05:26 PM (IST)
बनारस कांग्रेस में चुना जाएगा युवा चेहरा, प्रियंका गांधी की लिस्ट में एक दर्जन से अधिक के नाम हैं दर्ज
बनारस कांग्रेस में चुना जाएगा युवा चेहरा, प्रियंका गांधी की लिस्ट में एक दर्जन से अधिक के नाम हैं दर्ज

वाराणसी, जेएनएन। मिशन 2022 के मद्देनजर कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने संगठन के गठन का कार्य तेज कर दिया है। पहले प्रदेश संगठन को आकार देने के बाद 51 कमेटियों का गठन कर सूची जारी कर दी गई है। प्रदेश में जिला व नगर कमेटियों को मिलाकर कुल 130 कमेटियां हैं। 79 कमेटियों के गठन की प्रक्रिया पूरी करनी शेष है। 

इसमें अब तक प्रधानमंत्री नरेंंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस में कांग्रेस कमेटियों का गठन भी नहीं हो सका है जिसको लेकर स्थानीय नेताओं के अंदर जहां बेचैनी देखी जा रही है तो वहीं जनता में भी नए चेहरों को लेकर कौतूहल बना हुआ है। फिलहाल, पार्टी के अंदर जो बातें हो रही हैं उसमें यह उभरकर सामने आ रहा है कि इस बार जिला व महानगर अध्यक्ष के रूप में युवा चेहरों पर भी दांव खेला जाएगा। इसमें जहां महानगर के अंदर ब्राह्मण चेहरे को तरजीह दी जा रही है तो वहीं जिले में पिछड़े वर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाले को तरजीह मिलेगी। इसमें कुर्मी चेहरा होने की संभावना ज्यादा जताई जा रही है। दीपावली से पहले संगठन के गठन की उम्मीद है क्योंकि प्रियंका वाड्रा के पास जिला व महानगर संगठन को लेकर पर्याप्त नाम पहुंच चुके हैं। प्रियंका ने अपने सचिवों से सर्वे कराकर भी नाम एकत्र किया है। इन्हीं नामों में से संगठन का चेहरा बनाया जाएगा। 

प्रियंका से मिले डा. राजेश मिश्र

कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा से पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्र ने मंगलवार को मुलाकात की। उन्होंने अपनी बात रखते हुए स्पष्ट किया कि वे कांग्रेस छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। प्रियंका ने भी भरोसा दिया कि उनके कंधे पर बड़ी जिम्मेदारियां हैं। मिशन 2022 को पूरा करने के लिए अभी से जुटना होगा। प्रियंका के निर्देश पर डा. राजेश मिश्र बाराबंकी पहुंच कर जैतपुर विधानसभा के उप चुनाव में कांग्रेस को जीत दिलाने के लिए मोर्चे पर डट गए हैं।

chat bot
आपका साथी