आसमान में बादलों का डेरा, वातावरण को ठंड ने घेरा, जानिए कैसा रहेगा आने वाले सप्‍ताह में मौसम का हाल

अनुमानों के अनुरुप ही मौसम का रुख इन दिनों बदल रहा है। अधिकतम तापमान अब 25 डिग्री अौर न्‍यूनतम पारा दस डिग्री के करीब पहुंच रहा है।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Sat, 07 Dec 2019 08:22 AM (IST) Updated:Sat, 07 Dec 2019 01:24 PM (IST)
आसमान में बादलों का डेरा, वातावरण को ठंड ने घेरा, जानिए कैसा रहेगा आने वाले सप्‍ताह में मौसम का हाल
आसमान में बादलों का डेरा, वातावरण को ठंड ने घेरा, जानिए कैसा रहेगा आने वाले सप्‍ताह में मौसम का हाल

वाराणसी, जेएनएन। अनुमानों के अनुरुप ही मौसम का रुख इन दिनों बदल रहा है। अधिकतम तापमान अब 25 डिग्री अौर न्‍यूनतम पारा दस डिग्री के करीब पहुंच रहा है। ऐसे में वातावरण में ठंड घुलने के साथ ही गलन और कोहरे का भी दौर शुरू होने लगा है। कुछ इसी तरह का मौसम शनिवार को नजर आया। अरब सागर से आने वाले बादलों का झोंका पूर्वांचल तक पहुंचा तो सुबह आसमान बादलों से ढंका हुआ नजर आया। वातावरण में कोहरे के असर से सुबह वाहन भी लाइट जलाकर चलते नजर आए।

शनिवार को दिन चढ़ने के साथ ही आसमान में सूरज की रोशनी भी रह रहकर नजर आई मगर सूरज में तेज नजर नहीं आया। दोपहर में भी सूरज की रोशनी बादलों में गुम रही और ठंडी हवाओं के जोर से सिहरन का असर जारी रहा। दिन ढलने के साथ ही ठंडी हवाओं का असर बढ़ा और सूरज के ताप के अभाव में गलन के असर से लोग ठंड से राहत की तलाश में जुट गए।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार पुरवा हवा के बाद शुक्रवार को तापमान में मामूली बढ़ाव हुआ है। बावजूद इसके गलन अभी भी बरकरार है। वहीं तीन दिन में फिर से मौसम की चाल बदलने वाली है। कारण कि जम्मू-कश्मीर से कोल्ड फ्रंट चल दिया है। इसके यहां पहुंचने से पछुआ हवा भी आएगी, जो अधिक ठंड लेकर आएगी। अरब सागर से आने वाले बादलों के पीछे से पछुवा हवाओं का झोंका भी आने लगा है। इसकी वजह से अब पूर्वांचल में गलन का रुख भी शुरू हो चुका है। अब दस दिसंबर के बाद अधिकतम पारा 25 से कम तो न्‍यूनतम पारा 10 डिग्री से कम हो जाएगा। 

बीते कई दिनों से लगातार चल रही पछुआ हवा गुरुवार को बेदम हो गई थी। पुरवा हवा ने पछुआ को ढकेल कर सतह से दो किलोमीटर ऊपर पहुंचा दिया। हालांकि तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन शुक्रवार को इसका असर वायुमंडल में दिखा। अधिकतम तापमान 25.6 रहा जाे सामान्‍य से एक डिग्री कम था वहींं न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस हो गया था जो सामान्‍य से एक डिग्री अधिक रहा। इससे पहले बुधवार को यह आंकड़ा 24.0 एवं 10.0 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि तीन दिन में फिर से जम्मू-कश्मीर से कोल्ड फ्रंट आ रहा है। इसके बाद तापमान में और गिरावट होगी। जबकि बंगाल की खाड़ी से उठा बादलों का झोंका अब पूर्वांचल तक आ चुका है, इसकी वजह से बादलों की सक्रियता होने से वातावरण में ठंड घुलने लगी है। 

chat bot
आपका साथी