अधिकतम तापमान लुढ़का, नवंबर के सामान्य तापमान में एक डिग्री गिरावट, जानें सप्‍ताह भर के मौसम का हाल

पूर्वांचल में मौसम का रुख इस बार काफी कुछ पूर्व की अपेक्षा बदला हुआ नजर आ रहा है। इस बार आम वर्षों की अपेक्षा सामान्‍य तापमान में एक डिग्री की कमी भी देखी गई है।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Tue, 19 Nov 2019 08:08 AM (IST) Updated:Tue, 19 Nov 2019 08:08 AM (IST)
अधिकतम तापमान लुढ़का, नवंबर के सामान्य तापमान में एक डिग्री गिरावट, जानें सप्‍ताह भर के मौसम का हाल
अधिकतम तापमान लुढ़का, नवंबर के सामान्य तापमान में एक डिग्री गिरावट, जानें सप्‍ताह भर के मौसम का हाल

वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम का रुख इस बार काफी कुछ पूर्व की अपेक्षा बदला हुआ नजर आ रहा है। इस बार आम वर्षों की अपेक्षा सामान्‍य तापमान में एक डिग्री की कमी भी देखी गई है। वहीं मंगलवार की सुबह ठंडी हवाओं का क्रम जारी रहा और तड़के का मौसम गलन भरा नजर आया। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की धूप जमीन तक पहुंची और ठंड दिन चढ़ते ही गुम भी हो गई और लोगों ने गुनगुनी धूप सेंक कर ठंड से निजात भी पायी। वहीं अरब सागर से उठा बादलों का समूह गोरखपुर तक पहुंच गया है, इसके पूर्वांचल तक आने की भी संभावना है। हालांकि इसके अधिक असरदार न होने से कोई समस्‍या पूर्वांचल में नहीं होनी है।

वहीं पूर्वांचल में तीव्र पछुआ हवा के कारण तापमान में गिरावट जारी है। सोमवार को तापमान करीब 15 डिग्री नीचे आ गया। यही वजह है कि दिन में भी ठंड बढऩे लगी है। नवंबर माह के सामान्य तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में अब लोगों को सावधानी बरतनी होगी।  

वैज्ञानिक तौर पर नवंबर माह का औसतन अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस होता है। लेकिन सोमवार को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि तापमान धीरे-धीरे कम होता जाएगा। शरीर को सामान्य तौर पर औसतन तापमान करीब 37 डिग्री की जरूरत होती है। फिलहाल यह आंकड़ा 22.3 पर चल रहा है।

कृषि एवं किसान सेवा केंद्र के अनुसार न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री हो गया था। हालांकि बाबतपुर की तुलना में करीब एक डिग्री अधिक माना जा रहा है। यानी लगभग 15.2 डिग्री न्यूनतम पारा रहा। जबकि आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 78 और न्‍यूनतम 55 फीसद दर्ज की गई। प्रो. पांडेय ने बताया कि जमीन से करीब 900 मीटर ऊंचाई पर लगभग 20 किमी की रफ्तार से हवा चल रही है। वहीं सतह की बात की जाएं तो हवा की गति 10-15 किमी मापी गई है।  

chat bot
आपका साथी