वाराणसी में गंगा के जल स्‍तर में फिर बढ़ाव, छह सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ने लगा पानी

गंगा में घटाव के बाद एक बार फिर से बढ़ाव शुरू हो गया है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक गंगा में बुधवार की रात 10 बजे के बाद बढ़ाव शुरू हुआ है। जल स्तर छह सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 09:36 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 09:36 PM (IST)
वाराणसी में गंगा के जल स्‍तर में फिर बढ़ाव, छह सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ने लगा पानी
वाराणसी में शाम सात बजे दशाश्वमेध घाट पर गंगा का जलस्तर ।

 जागरण संवाददाता, वाराणसी। गंगा में घटाव के बाद एक बार फिर से बढ़ाव शुरू हो गया है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक गंगा में बुधवार की रात 10 बजे के बाद बढ़ाव शुरू हुआ है। जल स्तर छह सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार की सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 67.69 मीटर रिकार्ड किया गया। गंगा का जल स्तर बढऩे से राजघाट से लेकर रविदास घाट तक संपर्क टूट गया है।

प्रतिबंध के बावजूद नौका संचालन जारी

बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने गंगा में सभी तरह के नौका के संचालन पर रोक लगा दिया है बावजूद उसके नौका का संचालन हो रहा है। जिन्हेंं इन नावों की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है वह भी इन्हेंं रोकने में कोई खास दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं जिससे बेरोकटोक नावों का संचालन जारी है।

बाढ़ में उपयोग के लिए नावों तैयार

-मझली नाव : 471

-बड़ी नाव : 149

-स्टीमर : 78

-कुल : 698

कटान रोकने के लिए बालू की बोरियां

सिंचाई विभाग ने कटान रोकने के लिए बालू की बोरियां तैयार कर ली है। संभावित स्थानों के पास सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। सिंचाई विभाग के अशोक कुमार बताते हैं कि कटान की शिकायत मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंच जाएगी और बालू की बोरियां रखकर कटान रोकने की कवायद की जाएगी।

गंगा की तेजी देखकर तटवर्ती इलाकों की बढ़ी धुकधुकी

उधर गाजीपुर में गंगा का जलस्तर एक बार फिर से तेजी से बढ़ना शुरू हो गया है। बुधवार को रात भर स्थिर रहने के बाद गुरुवार की दोपहर से चार सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से गंगा का पानी बढ़ने लगा है। शाम चार बजे का जलस्तर 61.510 मीटर रिकार्ड किया गया, जबकि खतरे का निशान 63.105 है। अगर यही रफ्तार बनी रही तो दो दिनों में गंगा इसे पार कर जाएंगी। गंगा को बढ़ते देख जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। सभी अधिकारियों को क्षेत्रों में सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। नगर ददरीघाट, पोस्ता घाट, स्टीमरघाट, महादेवा घाट, चीतनाथघाट सहित सभी घाटों की सीढ़ियों पर पानी चढ़ना शुरू हो गया है। गंगा का पेटा पूरी तरह से भर गया है। मुहम्मदाबाद के शिवराय का पूरा, सेमरा, बच्छलपुरा आदि क्षेत्रों में कटान का खतरा पैदा हो गया है। इससे ग्रामीणों की धुकधुकी बढ़ गई है। कर्मनाशा व गोमती में भी पानी उफान पर है।

chat bot
आपका साथी