आजमगढ़ में महिला के शव को रौंदती रहीं गाड़ियां, खून से लाल हो चुकी सड़क पर साड़ी से हुई पहचान

घटना लखनऊ -बलिया राज्य मार्ग की है। फूलपुर के लोग बुधवार की सुबह टहलने निकले तो गंगा प्रसाद इंटर कालेज के सामने का नजारा देख कांप उठे। दरअसल पूरी सड़क खून से लाल नजर आ रही थी। लोगों ने देखा तो पता चला कि खून अज्ञात महिला का है।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 10:16 AM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 10:16 AM (IST)
आजमगढ़ में महिला के शव को रौंदती रहीं गाड़ियां, खून से लाल हो चुकी सड़क पर साड़ी से हुई पहचान
रात में कई वाहन ऊपर से गुजर गए और लाश क्षत विक्षत हो गई।

आजमगढ़, जागरण संवाददाता। महिला के खून से लखनऊ-बलिया हाईवे लाल हो गया। गाड़ियां पूरी रात शव को रौंदती रहीं। सुबह घटना की जानकारी हुई तो लाल साड़ी उसके महिला होने का सुबुत बन पाई। फूलपुर पुलिस महिला के कमर से नीचे का हिस्सा व साड़ी काे कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही में जुट गई है। सुबह घटना की पूरे इलाके में खूब चर्चा रही। स्‍थानीय लोगों के अनुसार महिला की लाश मिलने की जानकारी नहीं हो सकी थी, रात में कई वाहन गुजर गए और लाश क्षत विक्षत हो गई। 

यह पूरी दर्दनाक घटना लखनऊ -बलिया राज्य मार्ग की है। फूलपुर के लोग बुधवार की सुबह टहलने निकले तो गंगा प्रसाद इंटर कालेज के सामने का नजारा देख कांप उठे। दरअसल, पूरी सड़क खून से लाल नजर आ रही थी। लोगों ने गौर से देखा तो पता चला कि खून अज्ञात महिला का है। वह किसी वाहन की चपेट में आई तो फिर आती ही गई। रफ्तार के नशे में एक के बाद एक कितने वाहन उस पर से गुजर गए होंगे, कहना मुश्किल है। घटना कितने बजे की है, इसका सिर्फ अंदाज ही लोग लगा पा रहे थे। हो-हल्ला मचा तो फूलपुर थाने के दारोगा सुशील दुबे वहां जा पहुंचे। हालांकि, इलाकाई पुलिस से पहले डायल 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।

घटना से आहत हुए लोगों का कहना था, कोई एक भी गाड़ी वाला एक पल के लिए पुलिस को इत्तला दे देता तो शव की इतनी दुर्गति नहीं होने पाती। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही पता चलेगा कि घटना कब घटित हुई है। फिलहाल साड़ी व बरामद कमर से नीचे का हिस्सा कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है। शव की पहचान के लिए क्रमवार कवायद शुरू कर दी गई है। उम्मीद जताई कि महिला जिले की होगी तो शिनाख्त होने में ज्यादा परेशानी नहीं होगी। 

chat bot
आपका साथी